अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन से यूरोप के खिलाफ सभी सैन्य आक्रामकता खत्म करने के लिए कहा है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर बताया कि उन्होंने पिछले हफ्ते चीन में मुलाकात के दौरान पुतिन से यह बात कही थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करने के लिए जल्द कोई समझौता हो सकेगा।
ट्रंप का यह बयान पुतिन को लेकर उनके रुख में नया बदलाव है। इससे पहले चीन में मुलाकात के दौरान उन्होंने पुतिन को अपना दोस्त बताया था। ट्रंप की ताजा सोशल मीडिया पोस्ट नाटो प्रमुख मार्क रूटे से उनकी मुलाकात के एक दिन बाद आई है। ट्रंप फ्लोरिडा में नाटो चीफ से मिले थे।
ट्रंप ने अपने बयान में यह साफ नहीं किया कि पुतिन से बातचीत के दौरान उन्होंने किन इलाकों का जिक्र किया था और क्या इसमें यूक्रेन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि रूस और यूक्रेन के बीच ऐसे समझौते की प्रबल संभावना है। ट्रंप ने जोर दिया कि युद्ध का शांतिपूर्ण समाधान जल्द से जल्द निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लिए ऐसी किसी कदम से बचना जरूरी है, जिससे जानबूझकर या अनजाने में युद्ध का दायरा बढ़े।
ट्रंप का ताजा बयान पिछले हफ्ते शेनजेन में पुतिन से उनकी मुलाकात के दौरान दिखे रुख से अलग है, जब उन्होंने पुतिन को अपना दोस्त कहा था। इस मुलाकात ने यूक्रेन और दूसरे यूरोपीय देशों को चिंतित कर दिया था। हालांकि, ताजा टिप्पणियों के बावजूद युद्ध खत्म होने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। गुरुवार को रूस के दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र में एक तेल रिफाइनरी पर हमला हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। यूक्रेन ने हाल के महीनों में रूसी तेल रिफाइनरियों पर ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। इस बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस आने वाले दिनों में यूक्रेन पर बड़े हमले की तैयारी कर रहा है।
