गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के नजदीक गांव सीही में नया बस टर्मिनल बनाया जाएगा। इसका ले-आउट प्लान फाइनल हो चुका है और अगले साल जनवरी में शिलान्यास किए जाने की संभावना है। टर्मिनल 15 एकड़ जमीन पर विकसित होगा। इससे शहर की आंतरिक सड़कों पर यातायात का दबाव और प्रदूषण कम होने की उम्मीद है।

शहर के बीचोंबीच स्थित बस अड्डे से प्रतिदिन सैकड़ों बसों की आवाजाही होती है, जिससे प्रमुख सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। शहर से बाहर जाने वाली और दूसरे राज्यों से आने वाली बसों के कारण यातायात प्रभावित होता है। शहर से बाहर जाने व आने वाली बसों की संख्या 400 से अधिक बताई जाती है।

नया टर्मिनल हाईवे के नजदीक होने से बाहर जाने वाली बसों को आंतरिक सड़कों पर लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और वे कुछ ही मिनट में हाईवे पर पहुंच सकेंगी। टर्मिनल को अंतरराज्यीय बस अड्डे की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। परिसर में बसों की पार्किंग, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधा और बगल में कार्यशाला बनाई जाएगी। टर्मिनल के लिए चिन्हित जमीन की टोपोग्राफी रिपोर्ट कंसल्टेंट से तैयार कराई जा चुकी है।

टर्मिनल के नजदीक स्थायी हेलीपैड बनाने की भी योजना है। अभी शहर में अलग स्थायी हेलीपैड न होने के कारण वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग ताऊ देवीलाल स्टेडियम में कराई जाती है, जिससे कई बार स्टेडियम में खेल गतिविधियां प्रभावित होती हैं। हरियाणा के परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज के अनुसार साइबर सिटी को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बस टर्मिनल बनाने पर जोर दिया जाएगा और बेहतर टर्मिनल के लिए प्लानिंग में समय लग रहा है।