ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में स्थित मगध इन गर्ल्स हॉस्टल (ओल्ड कैंपस) की कैंटीन में छात्राओं को परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। भोजन में कीड़े की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। छात्राओं ने इस घटना के विरोध में हंगामा किया और खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। छात्राओं का आरोप है कि वे हॉस्टल की सालाना लाखों रुपये की फीस चुकाती हैं, फिर भी उन्हें कीड़ेयुक्त भोजन दिया जा रहा है। छात्राओं ने इस मामले में जिला प्रशासन से भी शिकायत की है।

छात्राओं का कहना है कि इससे पहले भी वे कई मौकों पर भोजन की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जता चुकी हैं। उनका आरोप है कि कैंटीन के रसोईघर में स्वच्छता का पूरा ध्यान नहीं रखा जाता। खाना ज्यादातर समय खुला रखा जाता है, जिस पर मक्खियां और मच्छर मंडराते रहते हैं और बड़े कीड़े भी उसमें गिर जाते हैं। आरोप है कि इसके बावजूद प्रबंधन बिना किसी जांच के वही खाना छात्राओं को परोस देता है। छात्राओं के मुताबिक, शहर के कई अन्य हॉस्टलों और विश्वविद्यालय की कैंटीन में भी खाने में कीड़े मिलने की बातें पहले सामने आ चुकी हैं।

जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सर्वेश कुमार ने बताया कि यह मामला सोशल मीडिया के जरिये विभाग के संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के लिए एक टीम भेजी जाएगी, जो मौके पर जाकर भोजन के नमूने संग्रहित करेगी।