कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के चार साल में गाजियाबाद यातायात पुलिस ने संसाधनों, तकनीक और कार्यप्रणाली में कई बदलाव किए हैं। शहर के 41 प्रमुख स्थानों पर 870 सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है और इनके जरिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए जा रहे हैं। अब तक 10 लाख से अधिक ई-चालान जारी हो चुके हैं, जबकि रोजाना औसतन चार हजार से अधिक चालान हो रहे हैं।
यातायात पुलिस के ढांचे में भी विस्तार हुआ है। पहले छह यातायात निरीक्षकों की जगह अब 11 निरीक्षक तैनात हैं। ट्रैफिक दारोगा 25 से बढ़कर 125 और मुख्य आरक्षी व आरक्षियों की संख्या 470 से बढ़कर 718 हो गई है। यातायात व्यवस्था में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए 500 से अधिक वालंटियर भी जोड़े गए हैं, जिन्हें यातायात प्रबंधन, शोध, इंटरनेट मीडिया और जागरूकता की चार टीमों में बांटा गया है।
जाम और दुर्घटना संभावित स्थानों पर भी बदलाव कराए गए हैं। वैशाली मेट्रो के पास ऑटो पार्किंग की व्यवस्था, नया बस अड्डा, मोहन नगर और विजयनगर टी-प्वाइंट पर बसों के लिए अलग लाइन बनाई गई है। एनएच-9 पर सुंदरदीप कालेज के सामने दुर्घटना की आशंका वाले डिवाइडर को हटवाया गया, जबकि मेरठ रोड पर मननधाम के पास गड्ढों को भरवाने और साजन मोड़ पर सड़क सुधार का काम कराया गया।
सड़क हादसों में मौत कम करने के लिए जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत 10 स्थानों पर विशेष टीम गठित की गई हैं। यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 में सड़क हादसों में 195 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2026 में अक्टूबर तक यह संख्या 184 रही। ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए इंटरसेप्टर वाहनों से निगरानी, अतिक्रमण हटाने का अभियान और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के प्रयास किए जा रहे हैं। एडीसीपी ट्रैफिक वरुण कुमार सिंह के अनुसार, कमिश्नरेट बनने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े स्तर पर बदलाव हुए हैं और लोगों को लगातार यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
