सुप्रीम कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि हाल की नियुक्तियों में एक खास समुदाय को ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे SC, ST, OBC, अल्पसंख्यक और महिलाओं को जज बनने के कम मौके मिल रहे हैं। गवई ने जजों के ट्रांसफर के फैसलों पर भी सवाल उठाए हैं।

पत्र में गवई ने बताया कि 2018 से अब तक हाईकोर्ट में 715 जज नियुक्त हुए हैं, जिनमें सिर्फ 22 SC, 16 ST, 89 OBC और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से हैं। उनके मुताबिक, करीब 75% जज सामान्य वर्ग से नियुक्त किए गए। उन्होंने कहा कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हाईकोर्ट में हुई नियुक्तियों में सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी करीब 80% रही, जबकि देश की आबादी में 40 से 50% हिस्सेदारी रखने वाले OBC समुदाय को 14% से भी कम पद मिले।

गवई ने ट्रांसफर के दो उदाहरण देते हुए भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि एक जज को मूल हाईकोर्ट से दूसरे हाईकोर्ट भेजा गया, जिसकी वजह सजा जैसी बताई गई, लेकिन बाद में उन्हें बड़े और प्रमुख हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बना दिया गया। दूसरे मामले में एक बड़े हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को छोटे हाईकोर्ट भेजा गया, जबकि छोटे हाईकोर्ट के एक मेहनती चीफ जस्टिस को बड़े हाईकोर्ट में ट्रांसफर किया गया। गवई ने सवाल उठाया कि इन फैसलों में योग्यता को किस आधार पर देखा गया।

गवई ने लिखा कि संविधान के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट के जजों की नियुक्ति राष्ट्रपति करते हैं, लेकिन नामों की सिफारिश में कॉलेजियम की अहम भूमिका होती है, फिर भी उस पर कामकाज की जवाबदेही तय नहीं है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका में सभी वर्गों को उचित जगह देना सिर्फ कॉलेजियम नहीं, बल्कि सरकार और संसद की भी जिम्मेदारी है। गवई ने साफ किया कि वे किसी समुदाय के लोगों को जज बनाए जाने के खिलाफ नहीं हैं और सभी वर्गों के बीच संतुलन होना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रपति से मामले में उचित कदम उठाने की अपील की, ताकि न्यायपालिका में हर वर्ग को बराबर प्रतिनिधित्व मिल सके।