जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद देश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ गई है। श्रीनगर में मंगलवार को -1.6°C तापमान के साथ इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। उत्तराखंड के गंगोत्री में तापमान -11°C और कश्मीर के पहलगाम में -4.6°C तक पहुंच गया है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर शुरू हो गई है। दोनों राज्यों के 15 शहरों में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे रहा। राजस्थान का फतेहपुर 4.3°C और मध्य प्रदेश का गिरवर 8.4°C के साथ सबसे ठंडे स्थान रहे। राजस्थान में उत्तरी हवाओं के तेज होने से अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, टोंक, पिलानी और सीकर समेत कई शहरों में तापमान 1 से 2 डिग्री तक गिरा, जबकि बाड़मेर में दिन का तापमान 31°C से ऊपर रहा। मध्य प्रदेश में बारिश थमते ही ठंड लौट आई है और भोपाल, इंदौर तथा ग्वालियर में भी सर्दी का असर बढ़ा है।
उत्तर प्रदेश में हरदोई में न्यूनतम तापमान 9.5°C और मुजफ्फरनगर में 9.8°C रहा। लखीमपुर, सीतापुर, बलिया, संभल और बिजनौर समेत 15 शहरों में घना कोहरा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते में तापमान 3 से 5°C तक गिर सकता है। पंजाब में पठानकोट में पारा 7.1°C रहा और अगले तीन दिन कुछ इलाकों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में घना कोहरा है और मंडी की बल्ह घाटी, सुंदरनगर, बिलासपुर तथा हमीरपुर के सुजानपुर में विजिबिलिटी 50 मीटर तक घट गई।
दिल्ली में मंगलवार को 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI रिकॉर्ड किया गया, जिनमें 34 स्टेशन पर हवा की गुणवत्ता खराब, 19 पर मध्यम और 5 पर बहुत खराब श्रेणी में रही। IMD के मुताबिक, अगले तीन दिन दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में रह सकती है। उत्तराखंड के रुड़की और रुद्रपुर में भी एक हफ्ते से हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है; बुधवार सुबह रुड़की का AQI 250, रुद्रपुर का 186 और देहरादून के सहस्रधारा का 150 दर्ज किया गया, जबकि राज्य के पहाड़ी जिलों में हवा ग्रीन जोन में है। CPCB के मुताबिक, 0-50 AQI अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर श्रेणी में आता है।
