नई दिल्ली: एक्टर विंदू दारा सिंह ने भारत में पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की रिलीज रोकने के लिए केंद्र सरकार की तारीफ की है। 'बिग बॉस' फेम एक्टर ने कहा कि जब तक सीमा पर शांति नहीं है, तब तक पाकिस्तान को यहां बिजनेस देने का सवाल नहीं उठता। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ गलत हरकतें कर रहा है तो उसे बिजनेस क्यों दिया जाए। विंदू दारा सिंह ने यह बात एक बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि उन्होंने मामले की गहराई से पड़ताल नहीं की है, लेकिन मुख्य बात यह है कि सीमा पर एक-दूसरे के खिलाफ चीजें बंद होनी चाहिए।
सूत्रों के मुताबिक, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से कहा है कि वह सुनिश्चित करे कि पाकिस्तान से जुड़ा कोई भी कंटेंट भारतीय दर्शकों तक न पहुंचे। मंत्रालय ने 8 मई, 2025 की अपनी एडवाइजरी दोहराई है। खबरों के अनुसार, यह सीरीज 4 दिसंबर, 2026 को रिलीज होने वाली है। इससे पहले ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की थी कि सीरीज को भारत में रिलीज न किया जाए।
अभिनेता मनोज जोशी ने भी सरकार के निर्देश का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि एक भारतीय नागरिक के तौर पर देशहित सबसे पहले आता है और सरकार के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। वहीं, अभिनेता गजेंद्र चौहान ने सवाल उठाया कि भारत में इस तरह का शो देखा ही क्यों जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्लेटफॉर्म इसे आगे बढ़ाता है तो इसके गंभीर नतीजे हो सकते हैं।
बता दें कि पाकिस्तानी लेखिका फरहत इश्तियाक ने 2013 में इसी नाम से एक उपन्यास लिखा था। इस सीरीज का नाम शायर फैज अहमद फैज की गजल की एक पंक्ति से प्रेरित है। सीरीज में फवाद खान अभिनय कर रहे हैं।
