उत्तराखंड कौशल विकास मिशन ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के तहत देहरादून में युवाओं के लिए 650 से अधिक निश्शुल्क प्रशिक्षण सीटें उपलब्ध कराई हैं। मिशन की नोडल अधिकारी विनीता बडोनी ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने पर युवाओं को प्लेसमेंट में सहायता भी दी जाएगी। प्रशिक्षण केवल प्रमाणपत्र तक सीमित न रखते हुए युवाओं को रोजगार और प्लेसमेंट अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
15 से 45 वर्ष के युवक-युवतियां तीन से चार माह के इन पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण ले सकते हैं। इनमें हास्पिटैलिटी, सौर ऊर्जा, तकनीकी क्षेत्र और सप्लाई चेन जैसे रोजगारोन्मुख क्षेत्र शामिल हैं। प्रशिक्षण लेने वाली युवतियों के लिए निश्शुल्क आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
गढ़ी कैंट स्थित इंस्टीट्यूट आफ होटल मैनेजमेंट (आइएचएम) में हास्पिटैलिटी क्षेत्र के लिए सबसे अधिक सीटें रखी गई हैं। हाउसकीपिंग असिस्टेंट के लिए 150 और फूड एंड बेवरेज सर्विस असिस्टेंट के लिए 350 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। सहसपुर स्थित सेंटर आफ एक्सीलेंस में 12वीं पास और आइटीआइ योग्यताधारी युवक-युवतियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जहां सोलर पीवी इंस्टॉलर (इलेक्ट्रिकल) और असिस्टेंट मैकेनिस्ट (आयरन एंड स्टील) के 40-40 सीटों के बैच संचालित किए जाएंगे।
दून विश्वविद्यालय में 12वीं पास 100 छात्र-छात्राओं को सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव का प्रशिक्षण मिलेगा। इन पाठ्यक्रमों के जरिए युवाओं को संबंधित उद्योगों की जरूरत के अनुरूप व्यावहारिक कौशल सिखाया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण के बाद वे रोजगार के लिए तैयार हो सकें।
