मुरादाबाद पुलिस में बड़ा बदलाव हुआ है। एसएसपी सतपाल अंतिल का तबादला अयोध्या कर दिया गया है और उनकी जगह डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है। डॉ. ग्रोवर पहले अयोध्या के एसएसपी थे।
जिले की पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी में पूरी तरह बदलाव हो चुका है। लंबे समय से जिले में तैनात एसएसपी सतपाल अंतिल का शुक्रवार को तबादला हो गया। उन्हें एसएसपी अयोध्या जैसी महत्वपूर्ण तैनाती दी गई है। वहीं अयोध्या की कमान संभाल रहे डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुरादाबाद में तैनाती के साथ एक दिलचस्प बात सामने आई है। साल 2020 में जब डॉ. ग्रोवर मथुरा के एसएसपी थे, तब जिले के डीएम अनुनय झा वहां के नगर आयुक्त थे। अब मथुरा के बाद मुरादाबाद में अनुनय और डॉ. ग्रोवर की जोड़ी एक साथ काम करती नजर आएगी। डीएम 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, जबकि नवागत एसएसपी 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
मूलरूप से पंजाब के भटिंडा के रहने वाले नवागत एसएसपी अयोध्या से पहले गोरखपुर में कप्तानी कर चुके हैं। गोरखपुर ऐसा जनपद रहा, जहां सर्वाधिक समय तक कप्तान रहने का रिकॉर्ड उनके नाम है। मथुरा, गोरखपुर, अयोध्या के साथ वह बहराइच में एसपी के दायित्व का निर्वाह कर चुके हैं। बतौर कप्तान मुरादाबाद उनका पांचवां जिला है। जनवरी में वह डीआईजी पद पर प्रोन्नत हो जाएंगे, ऐसे में बतौर कप्तान मुरादाबाद उनका अंतिम जिला भी माना जा रहा है। इधर, 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी सतपाल अंतिल ने जिले में दो साल पांच माह दो दिन की लंबी पारी खेली।
