रुद्रपुर में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर को पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।

एसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की हत्या के मामले में छह आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गुरुवार रात फैक्ट्री में ड्यूटी पूरी कर घर पहुंचे लीलाधर के भांजे अनुज का दूधिया नगर निवासी विनोद कश्यप से बाइक की चाबी निकालने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि कहासुनी के बाद विनोद अपने साथियों के साथ अनुज का पीछा करते हुए रेशमबाड़ी स्थित उसके घर पहुंच गया और हमलावर जबरन घर में घुस आए तथा परिवार के लोगों पर चाकू से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे लीलाधर को भी चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। हमले में अनुज, राहुल और राम अवतार भी घायल हुए थे।

मामले में पुलिस ने विनोद कश्यप, सुभाष राठौर, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चंद्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने बगवाड़ा मंडी के पास से रेशमबाड़ी निवासी सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह और विनोद कश्यप को पहले ही गिरफ्तार किया था। इसके बाद से फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

शनिवार को पुलिस को शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर के रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो मुठभेड़ हो गई, जिसमें गोली लगने से शिवम घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया और उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किए गए। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस मामले में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि तीन नामजद आरोपी अभी फरार हैं।