पटना: नए परिसीमन कानून को लेकर तैयारी पूरी है और लोकसभा तथा विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। इसका असर देश के साथ बिहार की राजनीति पर भी पड़ सकता है। फिलहाल बिहार में लोकसभा की 40 और विधानसभा की 243 सीटें हैं। नया परिसीमन लागू होने पर लोकसभा की 60 और विधानसभा की 365 सीटें हो सकती हैं। परिसीमन में जनसंख्या के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किया जाता है। इससे मतदाता और प्रतिनिधि के अनुपात के साथ उम्मीदवारों के चयन, आरक्षित सीटों की स्थिति और दलों के प्रभाव क्षेत्रों पर असर पड़ सकता है।

लोकसभा सीटें बढ़ने से राष्ट्रीय राजनीति में बिहार का प्रतिनिधित्व और प्रभाव बढ़ सकता है। नए संसदीय क्षेत्र बनने से दलों को नई चुनावी रणनीति बनानी होगी और नए इलाकों में संगठन मजबूत करना होगा। विधानसभा सीटों में बढ़ोतरी से नए निर्वाचन क्षेत्र बन सकते हैं, टिकट दावेदारों की संख्या बढ़ेगी और कई मौजूदा क्षेत्रों की सीमाएं तथा मतदाता समीकरण बदल सकते हैं।

परिसीमन के साथ महिला आरक्षण लागू होने से बिहार की चुनावी राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ सकती है। आरक्षित सीटों का स्वरूप बदलने पर कई मौजूदा नेताओं को नई सीटों की ओर रुख करना पड़ सकता है। सीटों की संख्या बढ़ने और सीमाओं के पुनर्गठन से भाजपा, जदयू, राजद, कांग्रेस सहित अन्य दलों और गठबंधनों के सीट बंटवारे के समीकरण भी बदल सकते हैं।

बिहार के भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें कई महत्वपूर्ण बिल पास होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया है कि महिला आरक्षण बिल में कोई रुकावट नहीं आएगी। उनके मुताबिक परिसीमन बिल भी पेश किए जाने की संभावना है, जिसके लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। महिला आरक्षण बिल पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आधी आबादी का सम्मान और हक देना चाहती है, जबकि कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां इसमें बाधक बनी हैं। उन्हें उम्मीद है कि विपक्षी पार्टियों के सांसद भी समर्थन में खड़े होंगे।

लोकसभा का विस्तार इसलिए जरूरी बताया जाता है कि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन मोटे तौर पर 1971 की जनगणना पर आधारित है, जब देश की आबादी लगभग 55 करोड़ थी। तब से जनसंख्या लगभग तीन गुनी हो चुकी है, लेकिन लोकसभा सदस्यों की संख्या में उस अनुपात में वृद्धि नहीं हुई है। मई 2026 में 'कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस' द्वारा प्रकाशित एक शोधपत्र के अनुसार, एक औसत लोकसभा क्षेत्र की जनसंख्या लगभग 27 लाख है। लोकसभा के आकार में लगभग 50 प्रतिशत के विस्तार से यह आंकड़ा घटकर लगभग 18 लाख रह जाएगा। शोधपत्र के मुताबिक इस विस्तार के बाद भी भारत में एक औसत संसदीय क्षेत्र की जनसंख्या अमेरिका के एक कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट की आबादी से दोगुनी से भी अधिक होगी। विस्तार के समर्थकों का तर्क है कि छोटे निर्वाचन क्षेत्र होने से मतदाताओं के लिए सांसदों तक पहुंच आसान होगी और सांसद स्थानीय मुद्दों पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।