कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया बाजार वार्ड संख्या-13 निवासी और पटना में पदस्थापित डॉक्टर पवन कुमार की शादी के 24 घंटे से भी कम समय बाद मौत हो गई। उनकी शादी 25 नवंबर को चांदपुर में हुई थी और 26 नवंबर को भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया था। परिजनों के मुताबिक, पवन को पहले से कोई बीमारी नहीं थी और वे खुद चिकित्सक थे।
मृतक के भाई श्रवण कुमार ने बताया कि रिसेप्शन के अंतिम समय में पवन अपनी पत्नी के साथ मंच पर फोटोशूट करवा रहे थे। फोटो खिंचवाने के बाद वे अचानक नीचे गिर गए, जिसके बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत उन्हें सीपीआर देकर होश में लाने की कोशिश की। श्रवण कुमार के अनुसार, इस दौरान उनके मुंह से खून निकला और जांच में ब्लड प्रेशर और नब्ज की स्थिति गंभीर थी।
परिजन उन्हें फलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखकर पूर्णिया जाने की सलाह दी। पूर्णिया में जांच के दौरान नब्ज और ईसीजी में कोई गतिविधि नहीं मिली। परिजनों को गंभीर हार्ट अटैक यानी सीवियर कार्डियक अरेस्ट की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शहनाई गूंज रही थी और नई दुल्हन के स्वागत में मेहमान जुटे थे, वहां कुछ ही घंटों में सन्नाटा पसर गया। शादी की खुशियां मनाने जुटे परिवार को अपनों को खोने का दुख झेलना पड़ा।
