उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिलाजुला रूप देखने को मिल रहा है। सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ रहा है, जबकि दिन में धूप निकलने से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के अंत तक यही स्थिति बनी रहेगी। शुक्रवार और शनिवार की सुबह कोहरे का असर बढ़ सकता है, जबकि दो दिसंबर तक कोहरा कम रहेगा। आने वाले दिनों में सुबह-रात की ठंड बढ़ने और दिन में धूप जारी रहने की संभावना है।

प्रादेशिक मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में अधिकतम नमी 93 प्रतिशत और न्यूनतम 38 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।

शुक्रवार को कानपुर में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री और अधिकतम 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हरदोई में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री, बस्ती में 9.6 डिग्री और अयोध्या में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 28 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके बाद 29 नवंबर से तीन दिसंबर तक सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा रह सकता है। सुबह के कोहरे और रात की ठंड के बीच दिन में धूप खिलने का सिलसिला जारी रहेगा।