पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित सरकारी स्कूल में एक महीने पहले क्लासरूम में हुए हमले के बाद केजी में पढ़ने वाली बच्ची अब भी सदमे में है। बच्ची पर तीसरी कक्षा के एक छात्र ने लात-घूंसों और ईंट से हमला किया था। एक महीना बीतने के बाद भी बच्ची न तो गांव कुंडी में किराये के अपने घर गई है और न ही स्कूल। वह पीरमुच्छला में अपने चाचा के घर पर रह रही है। बच्ची के चेहरे के जख्म भर गए हैं, लेकिन वह डर से बाहर नहीं निकल पाई है।
बच्ची के पिता के अनुसार, वह अकेली नहीं रह सकती और वह उसके साथ रहते हैं। घटना के बाद बच्ची को तीन बार चेकअप के लिए पीजीआई ले जाया जा चुका है। पिता का कहना है कि बच्ची अब परिवार के दूसरे बच्चों के साथ खेलने लगी है, लेकिन थोड़ी देर में थक जाती है और अभी ज्यादा चल-दौड़ नहीं पा रही।
हमले के बाद परिवार आर्थिक मुश्किलों से जूझ रहा है। बच्ची के पिता काम पर नहीं जा पा रहे हैं। वहीं, बच्ची की बड़ी बहन ने भी स्कूल छोड़ दिया है और परिवार से कहती है कि वह उस स्कूल में नहीं पढ़ेगी, जहां उसकी बहन के साथ मारपीट हुई थी।
बच्ची के पिता ने स्कूल प्रबंधन को लिखित में चिट्ठी देकर मुआवजे की मांग की है। उन्होंने साफ कहा है कि वह बच्ची को इस स्कूल में नहीं पढ़ाएंगे और बच्ची तथा उसकी बड़ी बहन का दाखिला किसी प्राइवेट स्कूल में करवाएंगे।
