जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुकुहां गांव में शुक्रवार रात बहूभोज के दौरान हुई चाकूबाजी और मारपीट में 15 वर्षीय रितेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने 26 वर्षीय बिंदेश राजभर को पीट-पीटकर मार डाला, जिससे गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात है और मामले की जांच जारी है।
कुकुहां निवासी ऋतिक राजभर टेंट लगाने का काम करते हैं। वह गांव के ही मनीष तिवारी के यहां आयोजित बहूभोज में टेंट लगाने गए थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रात लगभग साढ़े आठ बजे ऋतिक ने फोन कर गांव के ही अपने मित्रों बिंदेश राजभर आदि को बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान किसी ने चाकू से रितेश तिवारी के चेहरे पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया।
हमलावर भागने लगे, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने पीछा कर बिंदेश राजभर को घेर लिया और लाठी-डंडों, ईंट-पत्थर व धारदार हथियार से मारकर अधमरा कर दिया। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बिंदेश राजभर को देखते ही मृत घोषित कर दिया। रितेश तिवारी की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी सम्यक चौधरी और गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ल ने जिला अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। बताया गया है कि मृतक बिंदेश राजभर पंजाब से पखवाड़े भर पहले गांव आया था और वहां छोला-भटूरा बेचता था, जबकि घायल रितेश तिवारी दो दिन पूर्व मुंबई से बहूभोज में शामिल होने आया था।
