सहारनपुर-अंबाला कैंट रेलखंड के यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर रेलवे इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग का काम होना है। इस वजह से लखनऊ जंक्शन से रात 11:55 बजे रवाना होने वाली ट्रेन 15011 लखनऊ जंक्शन-चंडीगढ़ एक्सप्रेस तीन दिनों तक सहारनपुर पहुंचकर निरस्त रहेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि लखनऊ जंक्शन से 10 से 12 दिसंबर तक प्रस्थान करने वाली यह ट्रेन सहारनपुर पहुंचकर यात्रा समाप्त करेगी। इसी तरह चंडीगढ़ से 11 से 13 दिसंबर तक चलने वाली 15012 चंडीगढ़-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस सहारनपुर स्टेशन से आरंभ होगी।

कुछ अन्य ट्रेनों की चाल भी इस कार्य से प्रभावित रहेगी। जयनगर से 10 दिसंबर को आरंभ होने वाली 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस तीन घंटे रोककर चलेगी। जयनगर से 12 दिसंबर को चलने वाली यह ट्रेन चार घंटे की देरी से चलेगी, जबकि 11 दिसंबर को चलने वाली 14649 सरयू यमुना एक्सप्रेस 1:20 घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी।

इस बीच, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए आठ इकाइयों को ग्रुप अवार्ड प्रदान किया गया। ऐशबाग स्थित मनोरंजन संस्थान में डीआरएम गौरव अग्रवाल ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) बादशाहनगर, ऐशबाग एवं बंदरियाबाग, मनोरंजन संस्थान बादशाहनगर एवं ऐशबाग और सीनियर सेक्शन इंजीनियर (विद्युत/पावर) बादशाहनगर, ऐशबाग एवं बंदरियाबाग को पुरस्कार दिया। इसी तरह 45 महिला रेल कर्मचारियों को थर्मल बोतल वितरित की गईं।