दिल्ली और बिहार सरकार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवा को लेकर समझौता हुआ है। इसके तहत दिल्ली से बिहार के 13 शहरों के लिए 18 मार्गों पर नियमित बस सेवा चलेगी और संचालन के लिए कुल 216 परमिट जारी किए गए हैं। समझौते के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली से बिहार के पांच रूटों के लिए बस सेवा को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत और दिल्ली के मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि बिहार के लोगों ने अपने परिश्रम से दिल्ली को संवारा है और अपनी संस्कृति से दिल्ली को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच का सफर आसान बनाने की दिशा में यह अहम कदम है। उनके मुताबिक, पटना, गया, दरभंगा, मधुबनी और भागलपुर सहित बिहार के 13 शहरों एवं क्षेत्रों तक दिल्ली से सीधी बस सेवाओं का विस्तार किया गया है।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इस समझौते से दिल्ली में रहने और काम करने वाले करीब 15 से 20 लाख बिहार और पूर्वांचल के लोगों को सीधे फायदा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अभी त्योहारों पर घर जाने के लिए यात्रियों को बसों की कमी और भारी भीड़ का सामना करना पड़ता है, जबकि नियमित बस सेवा शुरू होने से उन्हें सालभर यात्रा का विकल्प मिलेगा। यह सेवा धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी।
बसें अररिया, बिहार शरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, नवादा, पटना और पूर्णिया तक जाएंगी। पटना, गया और मुजफ्फरपुर के लिए एक से अधिक रूट तय किए गए हैं। बस रूट, किराये, टाइम टेबल और ऑनलाइन बुकिंग की जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के पोर्टल www.bsrtc.bihar.gov.in पर मिलेगी। टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर भी जानकारी ली जा सकती है।
