भोपाल से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को कथित तौर पर सीट बदलने और एयरपोर्ट प्रोटोकॉल में चूक के कारण असुविधा का सामना करना पड़ा। यह घटना 23 नवंबर की बताई जा रही है। मामले में केंद्रीय मंत्री के ओएसडी भूपेंद्र सिंह परस्ते ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से शिकायत दर्ज कराई है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, शिवराज सिंह चौहान नियमित उड़ान से भोपाल से दिल्ली जा रहे थे। बताया जाता है कि वे सामान्यतः अन्य यात्रियों को पहले आगे बढ़ने देते हैं और खुद बाद में विमान में चढ़ते हैं। जब वे एयरपोर्ट पहुंचे तो तय प्रोटोकॉल के तहत ड्यूटी मैनेजर सिद्धार्थ यादव वहां मौजूद नहीं थे।
शिकायत में कहा गया है कि ड्यूटी मैनेजर की गैरमौजूदगी में अधीनस्थ स्टाफ केंद्रीय मंत्री को आगे ले गया और एयरोब्रिज पर खड़ा कर दिया। साथ ही, बिना पूर्व सूचना के विमान भी बदल दिया गया था। कुछ समय इंतजार के बाद जब वे विमान में दाखिल हुए तो स्टाफ ने पाया कि उनकी आवंटित सीट पर कोई अन्य यात्री बैठा है। इस स्थिति पर आपत्ति जताई गई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री के सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर की शिकायत के आधार पर ओएसडी भूपेंद्र सिंह परस्ते ने नागरिक उड्डयन मंत्री के निजी सचिव श्रीकेश लाठकर को पत्र लिखकर कार्रवाई का अनुरोध किया।
भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुजीत कुमार पोद्दार ने कहा कि घटना कुछ दिन पहले की है। उनके अनुसार, केंद्रीय मंत्री की सीट पहली कतार में तय थी, लेकिन अचानक विमान बदलने के कारण सीट व्यवस्था में बदलाव आया, जिससे असुविधा हुई। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने यह भी बताया कि घटना के बाद एयरलाइन के साथ बैठक कर मामले को सुलझा लिया गया है और संबंधित पक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में इस तरह की चूक दोबारा न हो।
