उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद जारी है। सोमवार को दोनों दलों के बीच शुरुआती चर्चा में कांग्रेस को 26 सीटें देने की बात कही गई, जिसका अखिलेश यादव ने भी ज़िक्र किया। इस बीच सपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। मंगलवार देर शाम अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि जीतने वाली पहली 26 सीटों से शुरुआत हुई है और मिलजुलकर समझदारी से बात आगे बढ़ेगी। इसके कुछ देर बाद उन्होंने एक लंबा पोस्ट किया, जिसमें आगामी चुनाव को ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि बात सीट की नहीं, जीत की है।
सोमवार और मंगलवार को दिल्ली में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की दो बैठकें हुईं, जबकि एक बैठक बुधवार, 25 नवंबर को होनी है। कांग्रेस की ओर से अधिक सीटें मांगी जा रही हैं। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत के मुताबिक पहली बैठक में 'ए' कैटेगरी की 55 सीटों की सूची सौंपी गई है। मंगलवार को 'बी' कैटेगरी की सीटों पर चर्चा हुई, जबकि बुधवार को 'सी' कैटेगरी की सीटों पर बात होगी। तीसरे दिन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर सहमति बनाने की कोशिश होगी।
कांग्रेस का कहना है कि सीटों का बंटवारा सिर्फ़ संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि वहां के चुनावी समीकरण और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखकर होना चाहिए। कांग्रेस ने शुरुआत में करीब 181 सीटों की मांग की थी, जो कुल 403 सीटों का लगभग 45 फ़ीसदी है। बाद में उसने मांग घटाकर करीब 100 से 130 सीटें कर दीं। कांग्रेस का तर्क है कि संगठन को सक्रिय रखने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने के लिए उसे ज़्यादातर ज़िलों में कम से कम एक सीट मिलनी चाहिए। हालांकि, उसने इटावा और मैनपुरी जैसे सपा के मजबूत इलाकों को अपनी मांग से बाहर रखा है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को करीब 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है, जिनमें 2022 में जीती गई दो सीटें और कुछ ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी।
पश्चिमी यूपी से कांग्रेस के मुस्लिम चेहरे और मौजूदा सांसद इमरान मसूद सीट शेयरिंग पर कड़ा रुख़ अपनाए हुए हैं। सपा की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने पर इमरान मसूद ने कहा कि हम भिखारी नहीं हैं, जो अखिलेश जी की ख़ैरात का इंतज़ार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने सीटें नहीं मांगी थीं और आपने खुद ही सीटों का एलान कर दिया, तो फिर चर्चा क्यों करें। उधर, सपा नेताओं का मानना है कि कांग्रेस को 50 से ज़्यादा सीटें देना चुनावी तौर पर नुकसानदेह हो सकता है। पार्टी खुद 350 से ज़्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, ताकि बीजेपी को चुनौती देने के लिए ज़्यादा से ज़्यादा सीटों पर उसकी अपनी पकड़ बनी रहे।
कांग्रेस का कहना है कि सीटों की संख्या के साथ उनकी गुणवत्ता भी मायने रखती है और पार्टी ऐसी सीटें चाहती है, जहां जीतने की संभावना हो। कांग्रेस नेता तनुज पुनिया ने कहा कि यह अभी सिर्फ दूसरी बैठक हुई है और बातचीत आमतौर पर इसी तरह आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि स्थिति तभी साफ़ होगी, जब हर सीट की अलग-अलग समीक्षा होगी, जिसमें सीट के फायदे-नुकसान, आबादी का समीकरण और संभावित उम्मीदवारों को ध्यान में रखा जाएगा। उनके मुताबिक सबसे बड़ा लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाना और इंडिया गठबंधन की सरकार बनाना होना चाहिए। कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली की विधानसभा सीटों पर मजबूत दावा किया है, जो गांधी परिवार के पारंपरिक राजनीतिक क्षेत्र रहे हैं। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, कांग्रेस यहां सभी विधानसभा सीटों पर लड़ना चाहती है, लेकिन सपा ने केवल एक सीट दी है, जिससे कांग्रेस में नाराज़गी बढ़ी है। इसके अलावा सहारनपुर और 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की सफ़लता से जुड़े दूसरे इलाकों में भी कांग्रेस अपनी हिस्सेदारी चाहती है। दूसरी ओर, सपा अपनी मौजूदा सी
