मेटा से जुड़े कार्यालयों के बाहर भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) सदस्यों के विरोध-प्रदर्शन के बीच कंपनी के अधिकारियों और पार्टी नेताओं के बीच मुलाकात हुई। मीडिया सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। बैठक में कंपनी के प्लेटफॉर्म पर कंटेंट मॉडरेशन और प्रतिबंधों से जुड़ी प्रक्रिया पर चर्चा हुई। मेटा की पब्लिक पॉलिसी टीम ने कांग्रेस सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत से मुलाकात की, जिसमें युवा कांग्रेस के नेता भी मौजूद रहे।

बैठक में शामिल एक सूत्र ने बताया कि मेटा के अधिकारियों ने कंपनी का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि वह सभी राजनीतिक दलों और उनकी ओर से पोस्ट की जाने वाली सामग्री के प्रति तटस्थ रहती है। अधिकारियों ने मेटा के कार्यालयों के बाहर कर्मचारियों को निशाना बनाए जाने और विरोध-प्रदर्शन को लेकर भी चिंता जताई।

युवा कांग्रेस के सदस्य इंस्टाग्राम अकाउंट निलंबित किए जाने के खिलाफ 20 नवंबर से हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में मेटा से जुड़े कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। इन प्रदर्शनों को नियंत्रित करने के लिए संबंधित स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई थी। युवा कांग्रेस ने निलंबित इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल करने और प्रतिबंध हटाने की मांग करते हुए मेटा को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है।

मेटा के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि आईटी नियमों के तहत कुछ प्रतिबंधित श्रेणियों में आने वाली सामग्री को अपने प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करना, अपलोड करना, साझा करना या प्रसारित करना प्रतिबंधित है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध कृत्रिम रूप से तैयार की गई जानकारी पर भी समान रूप से लागू होता है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग या अन्य कम्प्यूटेशनल टूल की मदद से बनाई गई सामग्री, डीपफेक और एआई से तैयार किए गए टेक्स्ट, तस्वीरें, ऑडियो और वीडियो भी शामिल हैं। कंपनी ने कहा कि वह ऐसी सामग्री को अपने प्लेटफॉर्म से दूर रखने के लिए स्वचालित टूल से निगरानी, यूजर्स की ओर से रिपोर्टिंग, वैध कानूनी आदेशों पर कार्रवाई और कम्युनिटी स्टैंडर्ड व लागू भारतीय कानूनों के आधार पर सामग्री की समीक्षा जैसे उपाय अपनाती है। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय कानूनों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पोस्ट, तस्वीरों, वीडियो या अन्य सामग्री तक पहुंच को स्थानीय स्तर पर प्रतिबंधित किया जा सकता है और ऐसे मामलों में अकाउंट तक पहुंच भी अस्थायी या स्थायी रूप से प्रतिबंधित की जा सकती है। ऐसी कार्रवाई होने पर संबंधित यूजर्स और अकाउंट धारकों को सूचना दी जाती है।