रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कलबुर्गी में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष और खासकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण होना चाहिए। राजनाथ सिंह ने भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ' रैली में कहा कि वे कलबुर्गी संविधान की रक्षा का संकल्प लेकर आए हैं।

रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस वोटों के जरिए नहीं, बल्कि हिंसा और अराजकता के रास्ते सत्ता में बदलाव चाहती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि अराजकता से सत्ता परिवर्तन नहीं हो सकता।

राजनाथ सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस भारतीय लोकतंत्र को निशाना बनाने के लिए विदेशियों को आमंत्रित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस हर जगह खारिज की जा रही है, जिसे राहुल गांधी पचा नहीं पा रहे हैं।