महाराष्ट्र की राजनीति में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट पर 5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। राउत के मुताबिक, लातूर जिले के उदगीर में समाज सुधारक अन्नाभाऊ साठे के नाम पर ट्रेनिंग सेंटर बनाने के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया गया था। आरोप है कि इस प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने के बदले मंत्री ने कुल लागत का 20 फीसदी यानी करीब 5 करोड़ रुपये मांगे थे।
राउत ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह मामला सामने रखा। उन्होंने बताया कि लातूर में 'आरती सेवा भावी संस्था' चलाने वाले नरसिंह उदगिरकर ने 6 अक्टूबर 2025 को सामाजिक कल्याण मंत्रालय को प्रस्ताव सौंपा था। राउत का कहना है कि उदगिरकर ने आरोप लगाया कि मंत्री ने पैसे की मांग को लेकर उन्हें मुंबई में एक इमारत की 72वीं मंजिल पर बने निजी आवास पर बुलाया था। राउत के मुताबिक, रिश्वत देने से इनकार के बाद प्रस्ताव मंजूर नहीं हुआ और इसकी शिकायत अधिकारियों तथा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को टैग करते हुए राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
दूसरी तरफ, मंत्री संजय शिरसाट ने रिश्वत मांगने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि सामाजिक न्याय मंत्री होने के बावजूद उनके पास 10 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी देने का अधिकार नहीं है और ऐसे प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी मुख्यमंत्री देते हैं। शिरसाट ने कहा कि जब उनके पास 25 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी देने का अधिकार ही नहीं है, तो रिश्वत मांगने का आरोप कैसे लगाया जा सकता है। उन्होंने राउत से सबूत सार्वजनिक करने की चुनौती दी है।
शिरसाट ने प्रस्ताव में कमियों का हवाला देते हुए बताया कि कुछ प्रस्तावों में जरूरी जानकारी और दस्तावेजों की कमी थी, इसलिए उन्हें मंजूरी नहीं मिल सकी और संबंधित संस्थाओं को नियमों के अनुसार कमियां दूर करने को कहा गया था। उन्होंने अपने निजी सचिव की ओर से भेजे गए जवाब का हवाला देते हुए कहा कि किसी तरह के कमीशन या प्रतिशत की मांग नहीं की गई। ऑडियो रिकॉर्डिंग का जिक्र करते हुए शिरसाट ने कहा कि कुछ लोग उन्हें जानबूझकर फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।