सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के चर्चित कैश फॉर जॉब्स मामले की सुनवाई के दौरान राजनीतिक दखल और आपराधिक मुकदमों की जांच व पैरवी के तरीके पर गंभीर चिंता जताई है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ ने कहा कि सरकार बदलते ही कई बार अभियोजन का रवैया भी बदल जाता है। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे।

सुनवाई के दौरान सीजेआई ने कहा कि आपराधिक मामलों में अभियोजन का तरीका राजनीतिक सरकार के बदलने के साथ बदल जाता है और यह न्याय व्यवस्था की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। जस्टिस बागची ने सहमति जताते हुए कहा कि एक सरकार मामले को लटकाए रखती है, जबकि दूसरी सरकार आते ही तेजी से कार्रवाई करने लगती है। अदालत ने कहा कि अभियोजन को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए और उसे नेताओं के इशारे पर नहीं चलना चाहिए।

पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अपील की कि जब तक शीर्ष अदालत इस मामले पर सुनवाई नहीं कर लेती, तब तक निचली अदालत में आरोप तय करने की प्रक्रिया आगे न बढ़ाई जाए। सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि आरोपी के खिलाफ आरोप कितने भी गंभीर क्यों न हों, उसे अपना पक्ष रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए। टीवीके सरकार की ओर से वरिष्ठ वकील राजीव शखधर ने दलील दी कि मामले में कुछ जल्दबाजी की जरूरत है।

पीठ ने ध्यान दिलाया कि इन मामलों में एफआईआर 2021 और 2022 में दर्ज की गई थीं, लेकिन कार्यवाही अब भी लंबित है। सीजेआई ने कहा कि अदालत के लिए यह मायने नहीं रखता कि मामला किस सरकार के समय शुरू हुआ था, उसका ध्यान निष्पक्ष कार्यवाही पर है। सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत को निर्देश दिया कि मामले की अगली कार्यवाही 14 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताह में रखी जाए, जबकि शीर्ष अदालत में अगली सुनवाई 11 दिसंबर को होगी। यह मामला उस कथित नौकरी घोटाले से जुड़ा है, जो सेंथिल बालाजी के परिवहन मंत्री रहने के दौरान सामने आया था। आरोप है कि परिवहन विभाग में नौकरियां दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लिए गए थे।