बलिया सदर विधायक और उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। 23 साल पुराने एक मामले में अदालत ने उनके खिलाफ दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेश पांडे की अदालत ने गुरुवार को मामले की सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया, क्योंकि मंत्री न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। अदालत ने वारंट सदर कोतवाल के माध्यम से तामील कराने और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजने का निर्देश दिया है। मंत्री के जमानतदारों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

अभियोजन के मुताबिक, यह मामला 4 दिसंबर 2003 का है। उस दिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे दयाशंकर सिंह और रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू अपने करीब 20 समर्थकों के साथ बलिया सदर कोतवाली पहुंचे थे। बताया गया कि वे एक कार्यकर्ता की गिरफ्तारी को लेकर वहां गए थे। इसी दौरान तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक सर्वजीत शाही भी वहां पहुंचे। अभियोजन का आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया गया तथा तत्कालीन कोतवाल का कॉलर भी पकड़ा गया।

आरोप है कि रविशंकर सिंह ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और कार्यकर्ता की गिरफ्तारी को लेकर अभद्रता की। इस मामले में सह-अभियुक्त और भाजपा एमएलसी रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू की गैरहाजिरी अदालत ने माफ कर दी है। वे न्यायालय में उपस्थित होकर पहले ही जमानत करा चुके हैं और गुरुवार की सुनवाई में उनकी गैरहाजिरी माफ करने का आदेश दिया गया।

अदालत ने एन.स्टेप के जरिए गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया है। जमानतदारों को नोटिस जारी कर मामले में आगे की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।