तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने के विवाद में राज्य सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी। मदुरै कलेक्टर ने कोर्ट में दाखिल हलफनामे में बताया कि सरकार ने दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन देवस्थानम यानी मंदिर प्रशासन ने इसे रोक दिया। मंदिर प्रशासन का कहना था कि दीपथून पर दीप जलाना स्थापित परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों के खिलाफ है। इसलिए दीप केवल उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर जलाया गया।

20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि कार्तिक पूर्णिमा यानी 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाया जाए। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया और जानबूझकर उसे टालने की कोशिश की। याचिकाकर्ता राम रविकुमार की ओर से पेश वकीलों ने अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वे औपचारिक याचिका दाखिल करें, इसके बाद कोर्ट उचित आदेश देगा।

इस बीच, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मामले में राज्य सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मंगलवार को BJP और हिंदू संगठनों ने राज्य भर में प्रदर्शन किया, जिसके बाद करीब 300 सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। रामनाथपुरम में हिंदू फ्रंट के सदस्यों ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। पोल्लाची में हिंदू मुन्नानी के सदस्यों ने भी प्रदर्शन किया।

विवाद के बाद बुधवार को लगातार दूसरे दिन श्रद्धालुओं और आम लोगों को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जाने से रोका गया। पलानी अंडावर मंदिर के प्रवेश द्वार के पास भारी पुलिस बल तैनात रहा और पहाड़ी की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई। स्थानीय लोगों को भी जांच के बाद ही जाने दिया गया। पहाड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था 23 नवंबर की शाम 6 बजे से लागू है। सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देते हुए आम लोगों, जुलूस और भीड़ को वहां जाने से रोकने का निर्देश दिया था। यह व्यवस्था कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई थी।

मदुरै कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दीपथून पर दीप नहीं जल पाने की वजह बताई है। कोर्ट इस रिपोर्ट की जांच करेगा और याचिकाकर्ताओं को अवमानना याचिका दाखिल करने को कहा गया है। वहीं, मद्रास हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली राज्य सरकार की मुख्य याचिका पर जनवरी 2027 में अंतिम सुनवाई होगी।