जनता दल (यूनाइटेड) ने भागलपुर के युवा नेता सुड्डू साई को बिहार प्रदेश सचिव और वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत मंडल को राज्य कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया है। सुड्डू साई भागलपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे हैं, जबकि लक्ष्मीकांत मंडल नाथनगर के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक हैं। गुरुवार को जदयू के जिला कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में दोनों नेताओं का स्वागत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि सुड्डू साई और लक्ष्मीकांत मंडल लंबे समय से संगठन के प्रति निष्ठा के साथ समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा और अनुभवी नेतृत्व की इस नई जिम्मेदारी से पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी। जदयू के जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने दोनों नेताओं को भागलपुर में पार्टी संगठन का मजबूत स्तंभ बताते हुए इस मनोनयन को पूरे जदयू परिवार के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय कहा।

समारोह में युवा नेता सुड्डू साई की सांगठनिक निष्ठा की विशेष चर्चा रही। बताया गया कि कुछ माह पूर्व ही उन्हें प्रदेश सचिव बनाया गया था, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता सहित पार्टी के अन्य वरीय नेताओं ने उनसे संवाद कर समझाया और कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करें और अपने दायित्व का पालन करें, पार्टी को उनकी सख्त जरूरत है। शीर्ष नेतृत्व के इस भरोसे के बाद सुड्डू साई ने पुनः यह जिम्मेदारी स्वीकार की।

सुड्डू साई वर्ष 2011 से जदयू के विभिन्न मोर्चों पर सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे इससे पहले भागलपुर जिला उपाध्यक्ष, महानगर जिलाध्यक्ष, प्रदेश जदयू की सलाहकार समिति के सदस्य, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और महानगर अध्यक्ष सहित कई दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। वे जदयू कोटे से नागरिक परिषद के सदस्य भी रहे हैं। समारोह में शबाना दाऊद, प्रीति कुमारी, धनंजय मंडल, संजू तिवारी और प्रदीप कुशावा सहित बड़ी संख्या में जदयू पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।