अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों से पहले जारी जीडीपी आंकड़ों की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने इन आंकड़ों को 'फर्जी' बताया है, हालांकि इसके समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।
रॉयटर, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को जांच के आदेश दिए हैं कि मध्यावधि चुनावों से पहले जीडीपी के आंकड़े जारी करने का फैसला जानबूझकर लिया गया था या नहीं। अमेरिकी वाणिज्य विभाग के ब्यूरो ऑफ इकोनॉमिक एनालिसिस (बीईए) ने बुधवार को तीसरी तिमाही की वार्षिक विकास दर के अनुमान को संशोधित किया। 29 अक्टूबर को जारी शुरुआती अनुमान में यह दर 3.4 प्रतिशत थी, जिसे अब बढ़ाकर 4.3 प्रतिशत कर दिया गया है।
तीन नवंबर को हुए चुनावों में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में कहा कि अभी पता चला है कि चुनाव से पहले अर्थव्यवस्था के जो 'असली' आंकड़े जारी किए गए थे, वे असल में 'फर्जी' थे। हालांकि, उन्होंने इसके समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सही आंकड़े क्यों नहीं जारी किए गए। उन्होंने इस मामले की तुरंत जांच की मांग की। उनके अनुसार यह कोई छोटी-मोटी गलती नहीं है, बल्कि एक बहुत बड़ी और जानबूझकर की गई गलती है।
बीईए ने पहले भी कहा है कि उनके शुरुआती अनुमान अंतिम आंकड़ों से अलग हो सकते हैं, क्योंकि तिमाही विकास दर के शुरुआती अनुमानों में इन्वेंट्री, व्यापार और सेवाओं पर उपभोक्ताओं के खर्च से जुड़ा पूरा डाटा शामिल नहीं होता।
