नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर में 164 विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर जबरन साइबर ठगी कराने का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद सेक्टर-126 थाना पुलिस ने उस पीजी मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है, जहां इन विदेशी नागरिकों को रखा जाता था। जांच में पीजी मालिक की सिंडिकेट में संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, जुलाई में सेक्टर-126 स्थित पीजी को किराए पर लिया गया था और चार महीने से विदेशी नागरिकों को वहां रखा जा रहा था। रोज रात कैब के जरिए इन्हें सेक्टर-136 और सेक्टर-143 से पीजी लाया जाता था। इन्हें एक तय स्क्रिप्ट दी जाती थी, जिससे वे अपने ही देश के लोगों से ठगी करते थे। विदेशी नागरिकों पर कड़ी निगरानी रखी जाती थी और उन्हें बाहरी लोगों से बातचीत या मोबाइल इस्तेमाल की अनुमति नहीं थी।
कार्रवाई के दौरान 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप, 26 लैपटॉप, दर्जनों सिम कार्ड और 150 से अधिक पासपोर्ट बरामद किए गए। जांच में पता चला कि कुछ पुरुषों को महिलाओं की तरह बात करने की ट्रेनिंग दी गई थी। नेटवर्क में 19 से 25 साल के युवा शामिल थे। सुनील कुमार और सुशील कुमार नाम के दो भारतीय हैंडलर्स की भूमिका भी सामने आई है, जिनके बैंक खातों का इस्तेमाल किराए और ऑपरेशन खर्च के भुगतान में होता था। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी विदेश भाग गए हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक मलेशियाई नागरिक ने ईमेल के जरिए दिल्ली पुलिस को अपने शोषण और जबरन साइबर फ्रॉड की जानकारी दी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने मानव तस्करी और साइबर फ्रॉड के नेटवर्क की जांच शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के अधिकारियों से संपर्क किया और करीब दो दिन चली कार्रवाई में 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया। जांच में सामने आया कि नेटवर्क से जुड़े लोग मलेशिया, इंडोनेशिया और कंबोडिया के युवाओं को बिजनेस वीजा पर भारत बुलाते थे और अच्छी सैलरी का लालच देते थे। नोएडा पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
