मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की चर्चा अंतरराष्ट्रीय मीडिया तक पहुंच गई है। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि जिस राज्य की एक-तिहाई आबादी बहुआयामी गरीबी से जूझ रही है, वहां इस समारोह को 'शाही शादी' कहा जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अनंत सिंह के एक राजनीतिक विरोधी ने आयोजन पर हुए भारी खर्च के स्रोत की जांच की मांग उठाई है। एक अखबार ने चार लाख मेहमानों की मेजबानी, छह हेलीपैड और 500 रसोइयों द्वारा तैयार भोज का जिक्र किया, जबकि एक अन्य अखबार ने इसे भारत की चर्चित खर्चीली शादियों से भी अधिक भव्य बताया।
25 नवंबर को शिवांगी और ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित की शादी के लिए 10 बीघा से अधिक जमीन पर जयपुर स्टाइल का पंडाल और विदेशी फूलों से सजा मंच बनाया गया था। बरात में 151 लग्जरी गाड़ियां शामिल हुईं और मेहमानों के आने-जाने के लिए हेलीपैड बनाए गए। अनंत सिंह ने बिहार के अलावा देश के अन्य हिस्सों और पाकिस्तान तक से लोगों को न्योता भेजा था। उनका कहना था कि जनता उनके लिए भगवान समान है और जो प्रेम से आएगा, उसका स्वागत है।
लाखों की भीड़ की उम्मीद में 500 से ज्यादा हलवाई और 300 से अधिक भट्ठियां लगाई गई थीं, लेकिन भारी जनसैलाब के आगे इंतजाम कम पड़ गए। मेन्यू में 150 से अधिक व्यंजन होने के बावजूद मेहमानों के लिए प्लेट मिलना सबसे बड़ी चुनौती बन गया। सामने आए वीडियो में लोग हवा में उछाली जा रही डिस्पोजल प्लेटों को लपकते दिखे। प्लेट न मिलने पर कई लोगों ने गत्ते, अखबार और पानी के गिलास में खाना लिया। भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाठियों का सहारा भी लेना पड़ा।
समारोह में बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से आए 20 से अधिक घोड़ों की दौड़ भी रखी गई थी, जिसमें विजेताओं के लिए थार जीप, मोटरसाइकिल और स्कूटर जैसे इनाम घोषित थे। रोमांच के चक्कर में दर्शकों के पेड़ों और हाई-टेंशन बिजली के खंभों पर चढ़ जाने के कारण आयोजकों को सुरक्षा के मद्देनजर दौड़ बीच में ही रोकनी पड़ी और फाइनल टालना पड़ा। इलाके में 8 से 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का काफिला भी घंटों फंसा रहा। खुद दूल्हे की लग्जरी कार जाम में फंस गई, जिसके बाद दुल्हन के भाइयों ने उन्हें अनंत सिंह की पुरानी खुली जीप से मंच तक पहुंचाया।
