केंद्र सरकार ने भगोड़े जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए राज्यों को विशेष अधिकार दिए हैं। रिपोर्टों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार को एक गजट जारी कर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (UAPA) की धारा 42 के तहत यह निर्देश जारी किया। अब राज्य सरकारें इस प्रतिबंधित संगठन के फंड और संपत्तियों पर सीधे कार्रवाई कर सकेंगी।

अधिसूचना के अनुसार, केंद्र सरकार ने यूएपीए की धारा 7 और धारा 8 के तहत अपने अधिकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सौंपे हैं। धारा 7 के तहत गैरकानूनी संगठन के कामों में इस्तेमाल होने वाले या इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाले फंड, प्रतिभूतियों और अन्य वित्तीय संपत्तियों के उपयोग या ट्रांसफर पर रोक लगाई जा सकती है और अधिकृत अधिकारी ऐसे वित्तीय लेनदेन की जांच भी कर सकते हैं। धारा 8 के तहत उन घरों, इमारतों और परिसरों को अधिसूचित किया जा सकता है, जिनका उपयोग गैरकानूनी संगठन की गतिविधियों के लिए होने का संदेह हो। इसके बाद प्रशासन इन परिसरों में आने-जाने को नियंत्रित कर सकता है और वहां मौजूद चल संपत्तियों के इस्तेमाल पर रोक लगा सकता है।

इससे पहले 13 नवंबर को मंत्रालय ने यूएपीए की धारा 3(1) और 3(3) के तहत अधिसूचना संख्या S.O. 6182(E) जारी कर आईआरएफ को गैरकानूनी संगठन घोषित रखते हुए इस पर लगा प्रतिबंध पांच साल के लिए बढ़ा दिया था, क्योंकि पुराना प्रतिबंध 14 नवंबर को समाप्त होने वाला था। महाराष्ट्र के रहने वाले नाइक 2016 में उस समय विदेश यात्रा पर थे, जब सरकार ने पहली बार उनके संगठन पर प्रतिबंध लगाया था, और तब से वह मलेशिया में रह रहे हैं। 2017 में एनआईए के अनुरोध पर उनका पासपोर्ट भी रद कर दिया गया था।

भारत सरकार 17 नवंबर, 2016 से ही जाकिर नाइक के खिलाफ कानूनी और कूटनीतिक कदम उठा रही है, जब धार्मिक समुदायों के बीच दुश्मनी और नफरत फैलाने के आरोपों के चलते आईआरएफ को गैरकानूनी संगठन घोषित किया गया था। भारत ने मई 2017 में नाइक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस (आरसीएन) जारी करने के लिए इंटरपोल से संपर्क किया था और अगस्त व अक्टूबर में इससे जुड़े स्पष्टीकरण भी दिए थे, लेकिन दिसंबर 2017 में इंटरपोल आयोग ने यह कहते हुए अनुरोध को समय से पहले का बताया कि शुरुआती आवेदन के समय चार्जशीट दाखिल नहीं की गई थी। इसके बाद 24 नवंबर, 2017 को अदालत से जारी नए वारंट के आधार पर भारतीय एजेंसियों ने 3 जनवरी, 2018 को इंटरपोल को फिर से आवेदन भेजा, जिस पर जवाब का अभी भी इंतजार है। इसके अलावा, नाइक को मलेशिया में स्थायी निवासी का दर्जा मिलने की पुष्टि होने के बाद भारत ने 19 जनवरी, 2018 को मलेशिया के विदेश मंत्रालय को उसकी अस्थायी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण का औपचारिक अनुरोध भी भेजा था।