चेन्नई में चलती ट्रेन के एसी कोच में एक व्यक्ति द्वारा दीया जलाकर आरती करने और शंख बजाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। रेलवे अधिनियम 1989 के तहत ज्वलनशील और खतरनाक सामान ले जाने पर तीन साल तक की जेल और 1000 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सेवा ने प्रतिक्रिया दी है और संबंधित अकाउंट से जानकारी मांगी है, ताकि मामले की जांच की जा सके और जरूरी कार्रवाई हो सके।
वीडियो को एक्स पर साझा किया गया है। इसमें देखा जा सकता है कि व्यक्ति के सामने रखी मेज पर एक जलता हुआ दीया है, जिसकी लौ साफ दिख रही है और उससे धुआं भी उठता दिख रहा है। साथ ही फूलों और गेंदे की मालाओं से सजी एक देवी-देवता की तस्वीर रखी है। इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा कर दी है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाए हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि क्या यात्रियों को शिकायत दर्ज कराने के लिए ट्रेन में आग लगने का इंतजार करना पड़ेगा। दूसरे यूजर ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस और टीटीई की भूमिका पर सवाल उठाए। कुछ पोस्ट में ड्यूटी पर तैनात टीटीई, आरपीएफ कर्मियों और कोच अटेंडेंट को सस्पेंड करने की मांग भी की गई है।
ट्रेन में धूम्रपान भी धारा 167 के तहत प्रतिबंधित है। बंद एसी या स्लीपर कोच में पर्दों, चादरों, बैग और सामान में आग तेजी से फैल सकती है, जिससे यात्रियों की जान और रेलवे संपत्ति को बड़ा खतरा हो सकता है। यात्रा के दौरान अगर कोई ट्रेन में आग जलाता या धूम्रपान करता दिखे तो रेल मदद एप या पोर्टल पर या हेल्पलाइन 139 पर कॉल करके शिकायत की जा सकती है। आपात स्थिति में 112 या 101 पर भी संपर्क किया जा सकता है। इस वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र तौर पर जांच नहीं की गई है।
