देशभर में सर्दी का असर तेज हो गया है। राजस्थान के फतेहपुर में सोमवार को पारा 4.6°C दर्ज हुआ, जबकि एमपी में 12.4°C के साथ भोपाल सबसे ठंडा शहर रहा। दोनों राज्यों में अगले चार दिन में पारा 2 से 4°C गिर सकता है। उत्तर प्रदेश के 15 शहरों में मंगलवार सुबह घना कोहरा रहा और लखीमपुर में विजिबिलिटी 25 मीटर से कम रही। यहां अगले हफ्ते तापमान 3 से 5°C गिर सकता है।
पहाड़ों पर पारा माइनस में है। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में तापमान माइनस 3.9°C और श्रीनगर में माइनस 0.4°C रहा, जबकि छह शहरों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। उत्तराखंड के बद्रीनाथ में तापमान माइनस 11°C और गंगोत्री में माइनस 14°C रहा। हिमाचल के चंबा में मणिमहेश झील पर 4-5 इंच बर्फ की परत जम गई। मौसम विभाग के अनुसार, 25 नवंबर को उत्तराखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कोहरे का यलो अलर्ट है, जबकि 25 और 26 नवंबर को आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में तेज हवा और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदूषण की बात करें तो बड़े शहरों में दिल्ली की हवा सबसे खराब है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक मंगलवार सुबह 9 बजे AQI 238 था, जो खराब श्रेणी में है। दिल्ली के 57 निगरानी स्टेशनों में से 15 ने मध्यम, 34 ने खराब और 8 ने बहुत खराब हवा का अलर्ट दिया। सिरी फोर्ट में 330 AQI के साथ सबसे ज्यादा प्रदूषण रहा। CPCB के अनुसार, 0-50 AQI को अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 को खराब, 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर माना जाता है।
राजस्थान में उत्तरी हवाओं से ठंड बढ़ गई है और मौसम विभाग ने शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। माउंट आबू में सोमवार को न्यूनतम तापमान 3°C दर्ज किया गया। सीकर, टोंक, चूरू और नागौर में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे रहा। एमपी में बारिश और बादलों का दौर खत्म हो गया है और अब तेज ठंड पड़ने की संभावना है। प्रदेश के 14 शहरों में पारा 15°C से नीचे रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग में ठंड का असर ज्यादा रहेगा।
