लखनऊ के गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में चल रही सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर-300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। महिला सिंगल्स में पिछले वर्ष की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर अंतिम चार में जगह बनाई। वहीं महिला डबल्स में पिछली विजेता गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जाली की जोड़ी को वॉकओवर मिला।

महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने हमवतन अनमोल खर्ब को 21-19, 15-21, 21-18 से हराया। एक घंटे 17 मिनट तक चले इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर रही। दूसरी वरीय तन्वी शर्मा ने इंडोनेशिया की एनकेडीए प्रतिवी को 21-19, 18-21, 21-14 से शिकस्त दी। एक घंटे तीन मिनट तक चले मुकाबले में तन्वी ने तीसरे गेम में शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की।

अब सेमीफाइनल में उन्नति और तन्वी आमने-सामने होंगी। इससे महिला सिंगल्स के फाइनल में एक भारतीय खिलाड़ी का पहुंचना तय हो गया है।

महिला डबल्स में शीर्ष वरीय और गत चैंपियन गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जाली को फ्रांस की मार्गोट लैम्बर्ट और केमिली पोगनैंट के हटने से वॉकओवर मिला। बीमारी के कारण फ्रांसीसी जोड़ी मुकाबले में नहीं उतरी। अब भारतीय जोड़ी का सामना यूक्रेन की पोलिना बुह्रोवा और येव्हेनिया कांतमिर से होगा।