देश के 10 राज्यों में आज घना कोहरा छाया रहेगा। इन राज्यों में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा शामिल हैं। विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह सकती है। वहीं दक्षिण भारत में तमिलनाडु में बारिश होगी। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं से मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ गई है। मध्य प्रदेश के 9 और उत्तर प्रदेश के 4 शहरों का तापमान 9 डिग्री से नीचे चल रहा है। इसके चलते अयोध्या में रामलला को गर्म पानी से नहलाया जा रहा है।
मैदानी इलाकों में राजस्थान का सीकर सबसे ठंडा रहा। हरियाणा के हिसार में 7.7°C, पंजाब के लुधियाना में 7.8°C, राजस्थान के चूरू में 8°C और पिलानी में 8.2°C तापमान दर्ज किया गया। श्रीनगर में तापमान माइनस 2 डिग्री तक पहुंच गया। कश्मीर के स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। 8वीं तक के स्कूल 28 फरवरी तक बंद रहेंगे, जबकि 12वीं तक की छुट्टियां 14 दिसंबर से 22 फरवरी तक रहेंगी।
हिमाचल प्रदेश के ताबो में माइनस 4.2°C तापमान दर्ज हुआ। पारा गिरने से शिंकुला दर्रे के पास ताल का पानी पूरी तरह जम गया है और सूरज ताल समेत ऊंचाई वाली झीलों का पानी जमने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 नवंबर के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घने कोहरे का अलर्ट है। बाकी राज्यों में मौसम साफ रहेगा और तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव के आसार नहीं हैं।
दिल्ली की हवा गुरुवार को लगातार 13वें दिन 'खराब' श्रेणी में रही। 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 226 दर्ज किया गया। दिल्ली की हवा 15 नवंबर से लगातार 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है। सुबह के आंकड़ों के मुताबिक PM2.5 प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाला धुआं सबसे बड़ा कारण रहा। CPCB के मुताबिक 0-50 AQI अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर श्रेणी में आता है।
