नई दिल्ली: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंप दी है। हार्दिक पंड्या के ट्रेड होकर पंजाब किंग्स जाने के बाद फ्रेंचाइजी में कप्तानी का पद खाली हुआ था। बता दें कि 2024 सीजन से पहले हार्दिक ट्रेड होकर मुंबई पहुंचे थे, तब फ्रेंचाइजी ने रोहित को कप्तानी से हटाया था।
रोहित की कप्तानी की घोषणा के बाद मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज और पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। सूर्या भी कप्तान बनने की रेस में माने जा रहे थे। रोहित के कप्तान बनने वाली पोस्ट को सूर्या ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर किया और लिखा, 'लीडर। भाई। मेंटर। पलटन, कुर्सी की पेटी बांध लो।'
39 साल के रोहित शर्मा तीन साल बाद आईपीएल 2027 में फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे। उनकी कप्तानी में मुंबई ने पांच आईपीएल खिताब जीते हैं। रोहित 2011 में टीम से जुड़े थे और 2013 सीजन के बीच में कप्तान बने थे, तब टीम चैंपियन बनी थी। इसके बाद 2015, 2017, 2019 और 2020 सीजन भी फ्रेंचाइजी ने उनकी कप्तानी में जीता था। हालांकि उसके बाद से टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और छह सीजन में मुंबई एक बार भी फाइनल में नहीं पहुंची है, जबकि दो बार वह पॉइंट्स टेबल में आखिरी नंबर पर रही।
हार्दिक पंड्या की कप्तानी के दौरान सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के उपकप्तान थे। पिछले सीजन उनका बल्ला पूरी तरह शांत रहा था और 13 मैचों में उनके बल्ले से 21 की औसत से सिर्फ 270 रन ही निकले थे, जो मुंबई इंडियंस के लिए उनका सबसे खराब सीजन था। अभी वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं, जहां उन्होंने 5 पारियों में 54 की औसत और 230 की स्ट्राइक रेट से 214 रन बनाए हैं।
