तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर आज दीपक जलाया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राज्य प्रशासन को फटकार लगाते हुए शनिवार को CRPF की सुरक्षा में दीपथून पर दीपक जलाने का आदेश दिया था। मदुरै में कार्तिक पूर्णिमा के दिन ‘कार्तिगई दीपम’ रस्म के तहत ऊंची पहाड़ी के ऊपर बने स्तंभ पर दीप जलाया जाता है। इस स्तंभ को दीपथून कहा जाता है।

विवाद तब शुरू हुआ, जब हिंदू पक्ष ने पहाड़ पर दीप जलाने की इच्छा जताई, लेकिन तमिलनाडु सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां कोर्ट ने तय तारीख पर दीप जलाने का आदेश दिया, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शुक्रवार की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दीप जलाने का आदेश जानबूझकर नहीं माना गया और यह कोर्ट की अवमानना है। कोर्ट ने कहा कि अधिकारियों ने उसका नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक आकाओं का आदेश माना और ऐसी संवैधानिक गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अदालत ने सुब्रामणिया स्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी को निलंबित कर दिया और मंदिर का प्रशासन दो जजों की कमेटी को सौंप दिया। कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डीजीपी, मदुरै कलेक्टर और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस भी जारी किया है।

बता दें कि 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम उत्सव पर दीपथून पर दीप जलाने की एक बार की अनुमति दी थी। 21 नवंबर को राज्य सरकार ने पुनर्विचार याचिका दाखिल कर कहा था कि दीपथून मंदिर का धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि अंग्रेजों के समय का सर्वेक्षण स्तंभ है। 24 नवंबर को दीपथून की जगह उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर दीप जलाया गया, जिसके बाद भाजपा और हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। 25 नवंबर को सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगते हुए कहा कि मंदिर ट्रस्ट बोर्ड ने दीपथून पर दीप जलाने के लिए टीम को अनुमति नहीं दी।

पुराने अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, 1862 और 1912 में भी दीपथून पर दीप जलाने की कोशिश हुई थी, लेकिन दोनों बार अधिकारियों ने अनुमति नहीं दी। मंदिर और सिकंदर बदूशा दरगाह के बीच पहाड़ी के मालिकाना हक और धार्मिक अधिकारों का विवाद भी लंबे समय से चला आ रहा है।