26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और एआईएमआईएम के गठबंधन 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' की पहली साझा रैली हुई। 12 नवंबर को दोनों पार्टियों ने इस गठबंधन का एलान किया था। यूपी चुनाव के मद्देनज़र यह किसी गठबंधन की पहली साझा रैली है। रैली सुबह 11 बजे तय थी और सुबह से ही दोनों पार्टियों के समर्थक मैदान पहुंचने लगे थे, जिनमें चंद्रशेखर के समर्थकों की संख्या अधिक दिखी।

रैली में पहुंचे लोगों ने इस गठबंधन को लेकर अपनी राय रखी। सीतापुर से आए जाटव समाज के 20 वर्षीय आलोक कुमार चौधरी ने कहा कि चंद्रशेखर हर किसी के लिए बोलते हैं और जाति देखकर आवाज़ नहीं उठाते। मायावती की ओर रुझान के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता अब तक मायावती को वोट करते आए हैं, लेकिन वो अब वैसे सक्रिय नहीं रहीं। फतेहपुर और बलरामपुर से आई महिलाओं ने कहा कि मायावती ने भी उनके लिए बहुत कुछ किया है, इसलिए वे उनकी रैली में भी जाएंगी।

दोपहर करीब डेढ़ बजे असदुद्दीन ओवैसी ने भाषण शुरू किया और बीजेपी और समाजवादी पार्टी, दोनों पर हमला किया। उन्होंने कहा कि आज वोट जनता से लिया जाता है, लेकिन राज जनता का नहीं होता। उनके बाद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि अब्दुल अब चटाई नहीं बिछाएगा, उपमुख्यमंत्री बनेगा और उनके बगल में बैठेगा। उन्होंने कहा कि दूसरा डिप्टी सीएम अति पिछड़े समाज से होगा। चंद्रशेखर ने समाजवादी पार्टी से साथ आने की अपील दोहराई और कहा कि लड़ाई बीजेपी से है।

समाजवादी पार्टी के गठबंधन न करने पर ओवैसी के एक समर्थक ने नाराज़गी जताई और कहा कि मुस्लिम और दलितों ने ठाना है कि मुख्यमंत्री चंद्रशेखर को बनाना है। उन्होंने सहारनपुर में कथित तौर पर मस्जिद गिराए जाने और ईद की नमाज़ से जुड़े मामलों का ज़िक्र करते हुए कहा कि उस वक्त चंद्रशेखर आज़ाद उनके साथ खड़े हुए थे। वहीं, एआईएमआईएम के एक कार्यकर्ता ने आज़म ख़ान को लेकर नाराज़गी जताई। लखनऊ कैंट से आज़ाद समाज पार्टी के उम्मीदवार अनिकेत धानुक ने दावा किया कि उम्मीद से अधिक लोग रैली में पहुंचे हैं और आने वाले दिनों में ऐसी रैलियां अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में भी होंगी। दलित राजनीति के जानकार और एक्टिविस्ट अनिल खोटे के मुताबिक़, यह रैली मूल रूप से चंद्रशेखर की ही थी, लेकिन इसमें ओवैसी के समर्थकों और मुस्लिम समुदाय के एक हिस्से की मौजूदगी भी साफ़ दिखाई दी।