पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अपने ही कार्यकर्ताओं के खिलाफ जांच शुरू की है। पार्टी नेता शुभेंदु अधिकारी भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए हुए हैं और अपनी पार्टी के लोगों पर कार्रवाई से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। मालदा, दक्षिण 24 परगना और पूर्वी मिदनापुर उन जिलों में प्रमुख हैं जहां भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आरोप लगे हैं।

एक भाजपा नेता के अनुसार, मालदा जिला प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि नदी के कटाव से नुकसान झेलने वाले लोगों से मुआवजे के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत की है।

दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में कई महिलाओं ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ता पार्थ साहा ने अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत मिलने वाले 3000 रुपये में से 1500 रुपये कमीशन मांगा। इन आरोपों पर पार्थ साहा का कहना है कि उन्होंने किसी पर इसके लिए जबरन दबाव नहीं डाला।

इस बीच, शनिवार को पूर्वी मिदनापुर जिले के भाजपा नेता अभिजीत कर्ण को गिरफ्तार किया गया। उन पर नौकरी और चुनाव में टिकट दिलाने के नाम पर छह करोड़ रुपये की वसूली करने का आरोप है। भाजपा विधायक और प्रदेश प्रवक्ता रितेश तिवारी ने कहा कि किसी भी प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगाया जा सकता और प्रशासन के साथ-साथ पार्टी भी ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।