शिवसेना (यूबीटी) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर दोहरे मापदंड अपनाने और राजनीतिक अवसरवाद का आरोप लगाया है। पार्टी ने अपने मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में यह सवाल उठाया कि जिन नेताओं को भाजपा के शीर्ष नेता कभी निशाना बनाते थे, अब उन्हीं की प्रशंसा की जा रही है। गौरतलब है कि अमित शाह ने पुणे के दो दिवसीय दौरे के दौरान पुणे जिला परिषद परिसर में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने अजित पवार के प्रशासनिक अनुशासन और बारामती में जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता को याद किया। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी अजित पवार से जुड़े निजी संस्मरण साझा किए।

शिवसेना (यूबीटी) ने आरोप लगाया कि अजित पवार के सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत भाजपा के कई शीर्ष नेता कथित 70 हजार करोड़ रुपये के सिंचाई घोटाले को लेकर उन पर और उनके परिवार पर सार्वजनिक रूप से निशाना साधते थे। पार्टी का कहना है कि उस दौरान उनके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियां भी सक्रिय की गई थीं। संपादकीय में आरोप लगाया गया कि पवार परिवार में फूट जेल जाने के डर के कारण डलवाई गई थी।

ठाकरे गुट ने अजित पवार की इस साल की शुरुआत में हुई मौत की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व के दबाव में अजित पवार गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहे थे और विमान हादसे में मौत से पहले अपनी राजनीतिक दिशा बदलने पर विचार कर रहे थे। संपादकीय में केंद्रीय गृह मंत्रालय पर जानबूझकर निष्क्रिय रहने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि हादसे की संदिग्ध परिस्थितियों को लेकर विधायक रोहित पवार और अन्य लोगों की ओर से सबूत पेश किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और न ही पारदर्शी जांच शुरू हुई है। पार्टी ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अध्यक्षता अमित शाह के करने पर भी सवाल उठाया और कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता की विरासत का सम्मान आम किसानों और कार्यकर्ताओं को करना चाहिए था।

इस बीच, अमित शाह ने कार्यक्रम में कहा था कि किसी की छवि खराब करने से सफलता नहीं मिलती। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कोविड-19 महामारी के दौरान किए गए प्रबंधन पर भी परोक्ष रूप से हमला बोला था। इस पर शिवसेना (यूबीटी) ने गृह मंत्री पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और संपादकीय में उद्धव ठाकरे के महामारी प्रबंधन का बचाव करते हुए कहा कि उनके काम को दुनियाभर में पहचान मिली थी।