कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अमेरिका के कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिए बयान पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। मंगलवार को छात्रों और शिक्षकों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की कमजोरियों और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की खराब स्थिति को देश की बड़ी समस्याएं बताया। राहुल गांधी ने कहा कि मीडिया इन मुद्दों को नजरअंदाज कर सकता है, लेकिन इससे वास्तविकता नहीं बदलती। उन्होंने छोटे और मझोले कारोबारों तथा कृषि को रोजगार पैदा करने की रीढ़ बताया और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को दोबारा मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। उनका आरोप है कि गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी जैसे कुछ बड़े कारोबारी समूह आगे बढ़ रहे हैं, जबकि छोटे कारोबार संघर्ष कर रहे हैं।
भाजपा ने इन बयानों पर पलटवार किया है। पार्टी का आरोप है कि राहुल गांधी विदेश की धरती से भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों से देश की अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था पर की गई टिप्पणियों का मकसद भारत की छवि को कमजोर करना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष जैसी संस्थाएं भारत की आर्थिक प्रगति को स्वीकार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत 7.1 प्रतिशत की दर से विकास कर रहा है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। नवीन ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को अर्थव्यवस्था में आपदा इसलिए दिख रही है, क्योंकि उनका परिवार, उनकी पार्टी और वे खुद आगे नहीं बढ़ पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल जब भी विदेश जाते हैं, अंतरराष्ट्रीय मंचों से भारत को अपमानित करने की कोशिश करते हैं।
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया है। पार्टी के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि सरकार को देश की अर्थव्यवस्था और महंगाई की चिंता नहीं है, बल्कि इस बात से परेशानी है कि राहुल गांधी इन मुद्दों पर बोल रहे हैं और दुनिया उनकी बात सुन रही है। खेड़ा ने कहा कि सरकार अर्थव्यवस्था की बुनियादी समस्याओं से परेशान नहीं है, बल्कि इन पर चर्चा होने से परेशान है और यही इस सरकार की गलत प्राथमिकताएं हैं।
