सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े बड़ी साजिश के मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया। गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत दर्ज इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में दोनों को जमानत देने से इनकार कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने आज उनकी अंतरिम जमानत की मांग पर विचार करने से इनकार कर दिया।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कहा कि अंतरिम राहत की मांग पर विचार करने से पहले वह दिल्ली पुलिस का पक्ष सुनेगी। उमर खालिद की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अंतरिम जमानत की मांग करते हुए कहा कि वह छह साल से अधिक समय से हिरासत में हैं। शरजील इमाम की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने भी इसी तरह की मांग रखी।
दोनों आरोपियों ने याचिकाओं में कहा कि अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों की गवाही दर्ज नहीं करा पाया है और सुप्रीम कोर्ट की ओर से लगाई गई एक साल की रोक की अवधि भी समाप्त होने के करीब है। शरजील इमाम ने अपनी याचिका में कहा कि इस मामले में 25 सितंबर, 2020 को आरोपपत्र दाखिल किया गया था, जिसमें 18 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है। अभियोजन पक्ष ने 900 से अधिक गवाहों की सूची दी है, जिनमें 47 संरक्षित गवाह शामिल हैं। इमाम ने कहा कि वह छह साल, नौ महीने से विचाराधीन कैदी के रूप में जेल में बंद हैं, लेकिन अभियोजन पक्ष अब तक एक भी गवाह की गवाही दर्ज नहीं करा पाया है। उमर खालिद ने भी संरक्षित गवाहों की गवाही नहीं होने का मुद्दा उठाया और कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से तय एक साल की अवधि समाप्त होने के बाद भी जेल में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 का उल्लंघन होगा।
सुप्रीम कोर्ट ने प्रशासनिक स्तर पर इन मामलों को मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखने का निर्देश दिया, ताकि तीन न्यायाधीशों की पीठ का गठन किया जा सके। कपिल सिब्बल ने मामले की जल्द सुनवाई के लिए तारीख देने का अनुरोध किया, जिस पर सीजेआई ने कहा कि पीठ को मामले के तथ्यों की जानकारी है और उसने इसके लिए पूरी तैयारी की है। जब सिब्बल ने पूछा कि क्या अंतरिम राहत की मांग पर सुनवाई के लिए मामला सूचीबद्ध किया जा सकता है, तो मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि मुख्य मामले को ही सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।