पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कूचबिहार जिले में बांग्लादेश से अवैध रूप से आए मुस्लिम प्रवासियों की एक-एक कर पहचान कर उन्हें वापस भेजने के निर्देश पुलिस को दिए। मुख्यमंत्री ने कूचबिहार में रास मेले के अवसर पर अपने दौरे के दौरान एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष जोशी से कहा कि बांग्लादेश से आए अवैध मुस्लिम घुसपैठियों के लिए राज्य में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को उन्हीं रास्तों से वापस भेजा जाना चाहिए, जिनके जरिये वे देश में दाखिल हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश से आने वाले हिंदुओं को घुसपैठिया नहीं माना जाना चाहिए, क्योंकि वे धार्मिक उत्पीड़न से बचने और अपनी जान की रक्षा के लिए सीमा पार करके आए हैं। उनके अनुसार ऐसे लोग शरणार्थी हैं और उन्हें आश्रय दिया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सीमा पर बुनियादी ढांचे के विकास और बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जरूरी जमीन उपलब्ध करा दी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बाड़ लगाने का काम पूरा होने के बाद हर तरह की तस्करी पर रोक लगाई जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने पुलिस को सीमावर्ती इलाकों में अवैध रूप से संचालित मदरसों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने गांजा की खेती, नकली मुद्रा के प्रसार और मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए।