अमेरिका ने भारत समेत अपने कई बड़े व्यापारिक साझेदारों पर नए टैरिफ़ लगाने का एलान किया है। ये टैरिफ़ सेक्शन 301 के तहत की गई जांच के बाद लगाए जा रहे हैं, जिसमें मैन्युफ़ैक्चरिंग के अलग-अलग क्षेत्रों में ज़रूरत से ज़्यादा उत्पादन और उत्पादन क्षमता की पड़ताल की गई। जांच के दायरे में भारत, चीन, यूरोपीय संघ, सिंगापुर, स्विट्ज़रलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, ताइवान, बांग्लादेश और जापान शामिल हैं।
अलग-अलग देशों और उत्पादों पर टैरिफ़ की दरें अलग-अलग रहेंगी। चीन पर सबसे ज़्यादा 40 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगाया गया है, जबकि वियतनाम पर 35 फ़ीसदी तक। दूसरे देशों पर 20 या 25 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगाया जाएगा। हालांकि, कुछ टैरिफ़ की दरें असल में कम हो जाएंगी, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कुछ देशों के साथ टैरिफ़ की अधिकतम सीमा तय करने पर सहमत हो चुके हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में बार-बार टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है या उन्हें लागू किया है। उनका तर्क है कि इस नीति से अमेरिका में मैन्युफ़ैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे। हालांकि, अर्थशास्त्रियों ने चेतावनी दी है कि आयात पर टैक्स लगाने से महंगाई बढ़ सकती है और उपभोक्ताओं के लिए चीज़ें महंगी हो सकती हैं। इससे वैश्विक व्यापार पर भी असर पड़ सकता है।
यह क़दम ऐसे समय उठाया गया है, जब इस साल की शुरुआत में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने फ़ैसला दिया था कि आपातकालीन शक्तियों का इस्तेमाल करके ट्रंप की ओर से लगाए गए कई टैरिफ़ ग़ैरक़ानूनी थे। इसके बाद इस साल गर्मी में अमेरिका की उन कंपनियों को अरबों डॉलर का टैरिफ़ रिफंड देना पड़ा, जिन्होंने सामान आयात करने के लिए ये शुल्क चुकाए थे। हालांकि, इससे ट्रंप प्रशासन की टैरिफ़ लगाने की कोशिशों पर कोई रोक नहीं लगी और व्हाइट हाउस इन टैक्स को लागू करने के लिए क़ानून के दूसरे रास्ते तलाश रहा है। आज का फ़ैसला भी इसी कोशिश का एक और उदाहरण है।
