आर्थिक संकट से जूझ रही स्पाइसजेट की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एयरलाइन के बेड़े में अब केवल छह विमान बचे हैं, जिनसे रोजाना 20 से कुछ अधिक उड़ानें संचालित हो रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, बेड़े में दो क्यू-400 टर्बोप्रॉप और चार बोइंग 737 एनजी विमान शामिल हैं। एयरलाइन फिलहाल दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-श्रीनगर, दिल्ली-धर्मशाला, पटना और दरभंगा समेत चुनिंदा मार्गों पर उड़ानें चला रही है। इस बीच कंपनी के प्रवर्तक अजय सिंह ने सोमवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात कर एयरलाइन के हालात की जानकारी दी।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एयरसेवा डैशबोर्ड के अनुसार, 22 नवंबर तक स्पाइसजेट के खिलाफ यात्रियों की 8,671 शिकायतें दर्ज हो चुकी थीं। 19 नवंबर को यह आंकड़ा 7,674 था, यानी तीन दिन में करीब एक हजार शिकायतें बढ़ गईं। लगातार परिचालन बाधाओं और बढ़ती शिकायतों के बीच नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 17 नवंबर को एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा था। नोटिस में उड़ानें रद्द होने, भुगतान में देरी से परिचालन प्रभावित होने और नियमों के कथित उल्लंघन पर जवाब मांगा गया था। डीजीसीए के मुताबिक, एयरलाइन के ज्यादातर विमान जमीन पर खड़े हैं और इन्हें दोबारा सेवा में लाने के लिए कोई ठोस योजना नहीं दी गई है। नोटिस में रूट डिस्पर्सल गाइडलाइंस का बार-बार उल्लंघन, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की पात्रता शर्तें पूरी नहीं करने, मई में लगाए गए जुर्माने का भुगतान नहीं करने और अनिवार्य बीमा के नवीनीकरण को लेकर अनिश्चितता जैसे मुद्दे भी उठाए गए थे।

आर्थिक तंगी के चलते एयरलाइन फिलहाल नकद भुगतान के आधार पर काम कर रही है और उसे हवाईअड्डों की सुविधाओं के इस्तेमाल तथा ईंधन खरीदने के लिए पहले ही भुगतान करना पड़ रहा है। एयरलाइन पायलट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (अल्पा इंडिया) ने 17 नवंबर के पत्र में मंत्रालय से स्पाइसजेट समेत आर्थिक संकट से जूझ रही एयरलाइंस की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा करने की मांग की है। संगठन ने विमान रखरखाव के संसाधनों की निगरानी बढ़ाने और चालक दल को समय पर वेतन देने को कहा है। अल्पा इंडिया के मुताबिक, वेतन में लगातार देरी से पायलटों और केबिन क्रू पर आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव बढ़ता है, जिससे उनकी सतर्कता, एकाग्रता और फैसले लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।

संगठन ने डीजीसीए की कार्रवाई में कथित असमानता पर भी सवाल उठाए हैं। आर्थिक संकट से उबरने के लिए स्पाइसजेट 5,500 करोड़ रुपये तक की पूंजी जुटाने की तैयारी में है। कंपनी के निदेशक मंडल ने 18 नवंबर को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी, जिसका मकसद आर्थिक स्थिति मजबूत करना और परिचालन दोबारा पटरी पर लाना है। इसके लिए शेयरधारकों और नियामकीय मंजूरी जरूरी होगी। निदेशक मंडल को संभावित निवेशकों के साथ चल रही बातचीत की जानकारी दी गई और प्रबंधन को इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा कंपनी की अधिकृत शेयर पूंजी 2,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7,500 करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।