सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कर्नाटक हाईकोर्ट का वह आदेश रद्द कर दिया, जिसके तहत कांग्रेस के पूर्व विधायक विनय कुलकर्णी और आठ अन्य दोषियों की उम्रकैद की सजा पर रोक लगाई गई थी। ये सभी भाजपा नेता योगेश गौड़ा की 2016 की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए थे। शीर्ष अदालत ने दोषियों को मिली जमानत भी रद्द कर दी और उन्हें दो हफ्ते के भीतर संबंधित अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।

न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर की पीठ ने हाईकोर्ट का आदेश रद्द करते हुए कहा कि विशेष अनुमति याचिका से उत्पन्न इस आपराधिक अपील में चुनौती दिए गए आदेश रद्द किए जाते हैं। दोषी प्रतिवादियों की ओर से दिए गए जमानत बंधपत्र भी रद्द किए जाते हैं और उन्हें दो हफ्ते के भीतर संबंधित अदालत के सामने आत्मसमर्पण करना होगा। पीठ ने यह भी कहा कि निचली अदालत के दोषसिद्धि के फैसले के खिलाफ दायर अपील पर हाईकोर्ट सुनवाई करेगा।

भाजपा के जिला पंचायत सदस्य योगेश गौड़ा की जून 2016 में धारवाड़ स्थित उनके जिम में हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में स्थानीय अधिकारियों ने मामले की जांच की, जिसे बाद में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया। सीबीआई ने 2020 में विनय कुलकर्णी को गिरफ्तार किया था और आरोप लगाया था कि राजनीतिक दुश्मनी इस हत्या की वजह थी। अगस्त 2021 में सुप्रीम कोर्ट ने कुलकर्णी को कुछ शर्तों के साथ जमानत दी थी, लेकिन जून 2025 में उनकी जमानत रद्द कर दी गई। अदालत को प्रथम दृष्टया ऐसे सबूत मिले थे, जिनसे संकेत मिलता था कि उन्होंने अभियोजन पक्ष के गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश की थी।

15 अप्रैल 2026 को बंगलूरू की एक विशेष अदालत ने कुलकर्णी और अन्य आरोपियों को हत्या और आपराधिक साजिश का दोषी ठहराया था। दो दिन बाद अदालत ने कुलकर्णी और 15 अन्य लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। कुलकर्णी ने इस फैसले को कर्नाटक हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। 31 जुलाई को हाईकोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाते हुए उम्रकैद की सजा निलंबित कर दी थी और उन्हें जमानत दे दी थी। कर्नाटक सरकार ने हाईकोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिस पर 9 अक्तूबर को शीर्ष अदालत ने नोटिस जारी किया था।