सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को न्यायिक अधिकारियों के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि उनमें अनुशासन की कमी दिख रही है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने कहा कि न्यायिक अधिकारी लगातार अपनी सुविधाओं, वेतन-भत्तों और सेवा से जुड़े लाभों की मांग उठाते रहते हैं। पीठ में सीजेआई सूर्यकांत के अलावा जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना शामिल थे। पीठ ने न्यायिक अधिकारियों की ओर से अपनी सेवा शर्तों को लेकर बार-बार आवेदन दाखिल करने पर भी सवाल उठाए।

सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि न्यायिक अधिकारी अब अपनी मांगों को लेकर कुछ अधिक ही मुखर होने लगे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें हर समय यही चिंता रहती है कि उन्हें कौन-सी सुविधाएं मिल रही हैं, कौन-से सेवा लाभ दिए जा रहे हैं, उनकी सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाई जा रही है या नहीं और उन्हें दूसरी सुविधाएं मिलेंगी या नहीं। मुख्य न्यायाधीश ने आगे कहा कि अदालतों के कामकाज और न्यायिक अधिकारियों की दिनभर की गतिविधियों से न्यायपालिका अनजान नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि न्यायाधीश अपने चैंबर में बैठकर सिर्फ कॉफी पी रहे हैं और काम नहीं कर रहे हैं। अदालतों में कितना काम हो रहा है, इसकी पूरी जानकारी है। इसके बावजूद बार-बार सुविधाओं को लेकर आवेदन दाखिल करना अनुशासनहीनता को दर्शाता है।

सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी केरल में जिला जजों की सीधी भर्ती से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान आई। यह भर्ती वकीलों के लिए आरक्षित सीधी भर्ती वाले कोटे के तहत की जा रही है। विवाद इस बात पर है कि क्या ऐसे न्यायिक अधिकारी, जो पहले वकालत कर चुके हैं, अपने वकालत के अनुभव के आधार पर इस कोटे के तहत जिला जज बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

संविधान के अनुच्छेद 233(2) के मुताबिक, जिला जज के पद पर सीधी नियुक्ति के लिए किसी वकील के पास कम से कम सात साल का वकालत का अनुभव होना जरूरी है। इसके साथ ही संबंधित हाईकोर्ट की सिफारिश भी आवश्यक है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट को यह तय करना है कि पहले वकालत कर चुके न्यायिक अधिकारी अपने पुराने अनुभव का इस्तेमाल करके वकीलों के लिए निर्धारित कोटे में नियुक्ति का दावा कर सकते हैं या नहीं। इसी कानूनी विवाद की सुनवाई के दौरान अदालत ने न्यायिक अधिकारियों की ओर से सेवा लाभ और सुविधाओं को लेकर लगातार उठाई जा रही मांगों पर अपनी नाराजगी जाहिर की।