बांग्लादेश में नेशनल सिटिज़न्स पार्टी (एनसीपी) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने भारत पर बांग्लादेश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा लड़ाई भारतीय वर्चस्व के ख़िलाफ़ है और इसके लिए जनता और राजनीतिक दलों को एकजुट होना चाहिए।
प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान के न्योते पर एनसीपी के चार नेताओं—नाहिद इस्लाम, वरिष्ठ संयुक्त संयोजक हसनात अब्दुल्लाह, सदस्य सचिव अख़्तर हुसैन और राजनीतिक परिषद के सदस्य अकरम हुसैन—ने सोमवार दोपहर उनसे मुलाक़ात की। बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग में नाहिद इस्लाम ने सरकार से जनता और राजनीतिक ताक़तों को एकजुट करने की अपील की। उन्होंने भारत पर शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण में अड़ंगा डालने का आरोप भी लगाया। हालांकि भारत लगातार कहता रहा है कि यह क़ानूनी मामला है और इससे उसी के मुताबिक़ निपटा जाएगा।
नाहिद इस्लाम ने कहा कि अब लड़ाई अवामी लीग के साथ नहीं, बल्कि भारतीय वर्चस्ववाद के ख़िलाफ़ है। उन्होंने कहा कि जुलाई में जो लड़ाई लड़ी गई थी, वह अब भी जारी है और अगर लोकतंत्र को संस्थागत रूप नहीं दिया गया तो जनता का भरोसा नहीं जीता जा सकेगा। उन्होंने जुलाई के पीड़ितों को न्याय और जुलाई योद्धाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात भी कही।
गौरतलब है कि जुलाई 2024 में शेख़ हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के ख़िलाफ़ विद्रोह हुआ था, जिसके बाद वे 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़ने को मजबूर हुईं और तब से भारत में रह रही हैं। अवामी लीग के हालिया विरोध प्रदर्शनों में हुई हिंसा के मद्देनज़र प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान सक्रिय राजनीतिक दलों के साथ एकजुटता बनाने के एलान के तहत यह बातचीत कर रहे हैं। नाहिद इस्लाम के ताज़ा आरोपों पर भारत सरकार की ओर से अब तक कोई सीधी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
