भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल अपनी हवाई क्षमता बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। दोनों बल पुराने चेतक और चीता हेलीकॉप्टरों की जगह नए यूटिलिटी हेलीकॉप्टर शामिल करेंगे। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, कुल 76 हेलीकॉप्टर खरीदने की योजना पर करीब 15 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इनमें से 51 हेलीकॉप्टर नौसेना और 25 तटरक्षक बल को मिलेंगे। खरीद के इस प्रस्ताव पर रक्षा मंत्रालय की आगामी उच्चस्तरीय बैठक में चर्चा होनी है।
यह खरीद रक्षा अधिग्रहण प्रक्रिया की 'बाय एंड मेक (इंडियन)' श्रेणी के तहत की जाएगी। इसका मतलब है कि भारतीय कंपनियां विदेशी मूल उपकरण निर्माताओं के साथ मिलकर हेलीकॉप्टरों का निर्माण देश में करेंगी। इस व्यवस्था में विदेशी तकनीक और भारतीय कंपनियों की निर्माण क्षमता का इस्तेमाल होगा, ताकि देश में रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिले और विदेशी उपकरणों पर निर्भरता कम हो।
नए हेलीकॉप्टर पांच टन से अधिक वजन उठाने वाली श्रेणी के होंगे। इनका इस्तेमाल समुद्री निगरानी, सीमा पर टोही अभियान और आपात स्थिति में बचाव कार्यों के लिए किया जाएगा। दोनों बलों के मौजूदा दो इंजन वाले हेलीकॉप्टरों को संचालन के दौरान कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, इसी वजह से नए हेलीकॉप्टरों की जरूरत महसूस की जा रही है।
इसके साथ ही नौसेना की एक अलग योजना भी चल रही है, जिसके तहत हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) से 60 यूटिलिटी हेलीकॉप्टर मरीन यानी यूएच मरीन खरीदने की तैयारी है। एचएएल इन हेलीकॉप्टरों को स्वदेशी तकनीक से विकसित करने पर काम कर रहा है। इससे पहले नौसेना ने 111 हेलीकॉप्टर खरीदने की योजना बनाई थी, लेकिन वह योजना आगे नहीं बढ़ सकी।
