राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लोगों से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपनाने और समाज तथा राष्ट्र के कल्याण में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।

राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव जी का 'इक ओंकार' का संदेश मूल रूप से पूरी मानवता की एकता का संदेश है। उन्होंने ऐसे समाज के निर्माण पर जोर दिया, जहां जाति-पाति, ऊंच-नीच और किसी भी तरह के भेदभाव के लिए कोई जगह न हो। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने सिखाया कि प्रेम, करुणा और मानवता की सेवा हमारे जीवन का आधार होनी चाहिए और उनके विचार आज भी लोगों को एक-दूसरे के प्रति प्रेम और सद्भाव रखने की प्रेरणा देते हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाओं 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इनका अर्थ है ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी और मेहनत से आजीविका कमाना और अपनी कमाई को दूसरों के साथ बांटना। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने लंगर की परंपरा के जरिए सामाजिक समानता, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा के मूल्यों को व्यवहार में उतारकर दिखाया।

राष्ट्रपति ने प्रकाश पर्व के अवसर पर भारत और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पावन अवसर पर गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपनाने और समाज व राष्ट्र के कल्याण के लिए काम करने का संकल्प लेने की अपील की।