प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुपर्व की पूर्व संध्या पर मंगलवार को दिल्ली स्थित लोकनिवास पहुंचे और वहां आयोजित विशेष शबद कीर्तन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुवाणी का श्रवण किया। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू भी मौजूद रहे। उपराज्यपाल की ओर से गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर यह शबद कीर्तन आयोजित किया गया था।

लोकनिवास परिसर में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व को समर्पित इस आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल रहा। शबद कीर्तन के जरिए गुरु नानक देव की शिक्षाओं और संदेश को याद किया गया। आयोजन को सिख परंपरा और गुरबाणी को समर्पित रखा गया। पीएम मोदी का लोकनिवास पहुंचना इसलिए भी खास रहा, क्योंकि वह पहली बार दिल्ली के उपराज्यपाल आवास पहुंचे थे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने प्रकाश पर्व के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस पवित्र माहौल में गुरु नानक जी के सामने शीश झुकाकर उन्हें बेहद संतोष और श्रद्धा का अनुभव हो रहा है। उन्होंने गुरुपर्व के पावन आयोजन में शबद कीर्तन में शामिल होने का अवसर देने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू का हृदय से आभार जताया।

गुरु नानक देव सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु थे। उनका प्रकाश पर्व उनके जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जाता है। इस दिन गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन, अरदास और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। शबद कीर्तन में गुरु नानक देव की वाणी और शिक्षाओं का गायन किया जाता है। इस आयोजन के जरिए उनके समानता, सेवा, प्रेम और मानवता के संदेश को याद किया जाता है। लोकनिवास में पहली बार इस तरह के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की भागीदारी चर्चा का विषय रही।